बच्चा चोर की अफवाहों के बीच हिदपीढ़ी में महिला सहित दो धराए
रांची सूबे में फैली बच्चा चोर की अफवाहों के बीच बुधवार को तीन घंटे के भीतर बच्चा चोर की दो अफवाहों ने तूल पकड़ा। पुलिस ने दो को पकड़ा है।
जागरण संवाददाता, रांची : सूबे में फैली बच्चा चोर की अफवाहों के बीच बुधवार को तीन घंटे के भीतर हिदपीढ़ी इलाके से एक महिला सहित दो लोगों को बच्चा चोर समझकर पकड़ा गया। दोनों की धुनाई की गई। भीड़ आक्रोशित थी, दोनों मौके पर पुलिस ऐन वक्त पर पहुंच गई। इससे मॉब लिंचिंग की घटना टल गया। हालांकि पुलिस दोनों को विक्षिप्त मानकर सत्यापन कर रही है। जानकारी के अनुसार पहली बार शाम करीब 6:30 बजे हिदपीढ़ी छोटा तालाब के पास स्थित नेजाम नगर मोहल्ले में एक विक्षिप्त महिला अकेली भटक रही थी। महिला को भटकता देख लोग कुछ लोगों ने घेरकर पूछा क्यों घूम रही हो। इसपर महिला ने कोई जवाब नहीं दिया और भागने की कोशिश की। उसके भागने की कोशिश पर उसे बच्चा चोर समझ लिया गया। इसके बाद उसे घेरकर मारपीट भी की गई। महिला के पास थैले में चॉकलेट और लाल रंग का कपड़ा मिला है। इससे लोगों का शक और गहरा गया था। हालांकि सूचना मिलते ही वहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस विक्षिप्त महिला को बचाकर महिला थाना ले गई। वह अपना नाम पता नहीं बता पा रही है। हिदपीढ़ी थानेदार बृज कुमार के अनुसार दोनों विक्षिप्त लग रहे हैं। इनका सत्यापन किया जा रहा है। युवक के पास से मिला बच्चे का फोटो :
रात के करीब 9:30 बजे मारवाड़ी कॉलेज के पीछे एक युवक को पकड़ा गया। उसके पास संत थॉमस स्कूल का लोगो लगी शर्ट का पॉकेट, एक सिख समुदाय के बच्चे की तस्वीर। एक ड्राइविंग लाइसेंस, कैंची, नट बोल्ट और लोहे का रड मिला है। पुलिस के अनुसार वह रास्ते से चुनकर अपने पास रख लिया हो। पकड़ा गया युवक पूछने पर अपना नाम नहीं बता रहा था। बस अपना पता प्रेम नगर कांके बता रहा था। हिदपीढ़ी थाने की पुलिस उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस युवक का सत्यापन में जुट गई है।
रांची में सामने आए मामले :
-16 सितंबर को धुर्वा के सखुआ बगान में बच्चा चोरी के शक में दो अनजान युवकों को पहले की हल्की पिटाई। इसके बाद पुलिस को सौंपा।
-13 सितंबर को धुर्वा के हड़शेर बस्ती में आयुष्मान कार्ड सर्वे और प्रचार-प्रसार के लिए गए अस्पताल के दो स्वास्थ्यकर्मियों को बंधक बनाकर मारपीट की गई थी। मारपीट के बाद दोनों को पुलिस को सौंपा गया था।
-11 सिंतबर को काके रोड मिशन गली में अयोजित करमा पूजा महोत्सव के दौरान रात ढाई बजे दो किन्नरों को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ पकड़ लिया था। दोनों को बंधक बनाकर रखा गया था। इसके बाद सुबह गोंदा थाने की पुलिस को बुलाकर सौंप दिया गया था।
-09 सितंबर को धुर्वा इलाके में सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी की अफवाह फैली थी। इसके बाद पुलिस ने ग्रुप एडमिन को हिरासत में लिया था। बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया था।
------