Eid Mubarak 2020: क्वारंटाइन में रह रहे मुस्लिम भाइयों की खास होगी ईद, खुशी का अहसास कराएगा प्रशासन
Eid Mubarak 2020. कहीं फल मिठाइयां और सेवई तो कहीं लुंगी-बनियान का वितरण होगा। शारीरिक दूरी का पालन करा घरवालों को भी मिलने की अनुमति दी जाएगी।
रांची, जेएनएन। Eid Mubarak 2020 कोरोना संकट का असर मोहब्बत, भाईचारे और अमन का पैगाम देने वाली ईद के आयोजन पर भी है। प्रशासनिक अधिकारियों, बुद्धिजीवियों और अमनपसंद लोगों की अपील पर सबने घरों पर ही रहकर बिना भीड़ जुटाए ईद मनाने और दूर से ही एक-दूसरे को मुबारकबाद देने का फैसला किया है। इबादत और उत्साह में कोई कमी नहीं है, लेकिन त्योहार मनाने का अंदाज इस बार जुदा है। क्वारंटाइन सेंटरों में रह रहे लोगों ने भी कहा है कि वह अमन-चैन के साथ कोरोना से मुक्ति के लिए भी दुआ मांगेंगे।
अपनी और परिवार वालों के साथ समाज की सलामती के लिए अभी वक्त का तकाजा यही है कि हम शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करें। उन्होंने दूसरे लोगों से भी ऐसा करने की अपील की। राज्यभर के क्वारंटाइन सेंटरों में भी इस बार अच्छी-खासी संख्या में मुस्लिम भाई रह रहे हैैं। धनबाद, गिरिडीह समेत कई जगह क्वारंटाइन सेंटरों में रह रहे कुछ लोगों ने प्रशासन ने ईद के मौके पर घर जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने उन्हें क्वारंटाइन सेंटर में रहकर ही ईद मनाने को कहा।
उनके परिजन भी इस बार घर के कई सदस्यों के बिना ही ईद मनाएंगे। इस बीच अपने-अपने स्तर से साहिबगंज, दुमका, मधुपुर, धनबाद, गढ़वा, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला खरसावां में प्रशासन ने ईद के मौके पर फल, मिठाइयों व सेवइयों का इंतजाम किया है। कोडरमा समेत कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने क्वारंटाइन सेंटरों में फल, मिठाइयां और सेवइयां बांटने की तैयारी की है। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के 6 सेंटरों में 32 मुस्लिम समुदाय के लोग हैं।
विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार के अनुसार ईद के दिन सभी के लिए पूड़ी, पनीर की सब्जी, सेवई, चावल, दाल, सलाद की व्यवस्था की गई है। वहीं मानगो नगर निगम क्षेत्र में 3 क्वारंटाइन सेंटर हैं। इनमें मुस्लिम समुदाय के 20 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। मानगो के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय ने बताया कि ईद के मद्देनजर मुस्लिम समुदाय के लोगों के लिए चावल, दाल, पूड़ी, सब्जी के साथ सेवई की व्यवस्था की गई है। जुगसलाई नगर परिषद समेत अन्य जगह भी इंतजाम किये गए हैैं।
साहिबगंज में खास इंतजाम
साहिबगंज के क्वारंटाइन सेंटरों मेंं बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समाज के लोग हैं। यहां कई जगह पर अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने ईद के मौके पर घर जाने देने की अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने उन्हें अनुमति तो नहीं दी, लेकिन 16 मई से ही क्वारंटाइन सेंटरों में इफ्तार की व्यवस्था करा दी। साथ ही ईद के दिन इनके लिए फल, मिठाई और सेवई की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि घरवाले भी शारीरिक दूरी का पालन कर अपने लोगों से सेंटर में मिल सकते हैं।
यहां के उधवा व राजमहल के क्वारंटाइन सेंटरों से कुछ लोग चोरी छिपे अपने घर चले गए थे। बाद में प्रशासनिक सख्ती के बाद येे वापस लौटे। राधानगर के क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे हुमायूं, चुन्नू, अब्दुल, पियापुर सेंटर के मशीरुल शेख ने बताया कि ईद घर में मना लेते तो बेहद खुशी होती, लेकिन अब समझ गए हैैं कि कोरोना का खतरा बड़ा है। ऐसे में प्रशासन ने अच्छा निर्णय लिया। यहां भी ईद के दिन क्वारंटाइन सेंटर में प्रशासन की ओर से फल, मिठाई व सेवई उपलब्ध होगी। साहिबगंज के कुछ पत्थर व्यवसायियों ने राजमहल व उधवा के क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे लोगों को लुंगी व बनियान भी उपलब्ध कराया है।