रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त का हैदराबाद में चल रहा इलाज, मौत की उड़ी अफवाह
Jharkhand Corona News Coronavirus Update अपर नगर आयुक्त राजेश कुमार ने कोरोना की दूसरी लहर के दौरान फील्ड में उतर कर काफी काम किया। कोरोना संक्रमित शवों के अंतिम संस्कार का प्रबंध करने में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई।
रांची, जासं।रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त राजेश कुमार का हैदराबाद के अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसी क्रम में आज उनकी मौत की अफवाह उड़ी। बता दें कि कोरोना संक्रमित होने के बाद इन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन यहां उनकी हालत में सुधार नहीं हो पा रहा था। इसके बाद उन्हें लगभग 15 दिन पहले एयर एंबुलेंस से हैदराबाद ले जाया गया था। वहां उनका इलाज चल रहा है। अपर नगर आयुक्त राजेश कुमार ने कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान रांची में फील्ड में उतर कर काफी काम किया।
कोरोना संक्रमित शवों के अंतिम संस्कार का प्रबंध करने में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई। हरमू मुक्तिधाम में बर्नर खराब होने के बाद घाघरा घाट पर लकड़ी का इंतजाम कर शवों का अंतिम संस्कार कराने के प्रबंध में वह आगे-आगे थे और देर रात तक घाघरा घाट पर डटे रहते थे। इसी दौरान वह संक्रमित हो गए थे और तब से उनका इलाज चल रहा था।