रांची में हैं फिल्मों की शूटिंग के शानदार लोकेशन: सुशांत सिंह
हाल के दिनों में रांची समेत झारखंड के विभिन्न लोकेशन में फिल्मों की शूटिंग का सिलसिला बढ़ा है।
जागरण संवाददाता, रांची : प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर रांची समेत पूरे झारखंड में फिल्मों की शूटिंग के शानदार लोकेशन उपलब्ध हैं। फिल्म निर्माताओं ने इस खासियत को भांपा है। यही वजह है कि यहां लगातार फिल्मों की शूटिंग हो रही है। यह बातें मंगलवार को फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह ने रांची में कही। वह इन दिनों अपराध के प्रति इंडिया को सावधान करने वाले अपने प्रसिद्ध टेलीविजन धारावाहिक सावधान इंडिया की शूटिंग के सिलसिले में रांची में हैं। प्रेस से बात करते हुए सुशांत सिंह ने रांची की खूबसूरती की जमकर तारीफ की, कहा कि यहां की लोकेशन शूटिंग के लिए बेहद अच्छी है। चारो ओर हरियाली और बेहतरीन मौसम के अलावा उन्हें यहां के लोग भी काफी पसंद आते हैं। यहां के लोगों को सरल बताते हुए उन्होंने कहा कि अन्य शहरों के मुकाबले यहां शूट करना आसान है।
सुशांत ने यहां की फिल्म नीति की भी तारीफ की। लीजेंड ऑफ भगत सिंह, शहर और सत्या जैसे फिल्मों से सुशांत ने काफी नाम कमाया है। मातृभूमि और हाल ही में रिलीज हुई लिपस्टिक अंडर माय बुरका में इनके अभिनय को काफी सराहा गया है। शूट हो रहे अपने शो सावधान इंडिया की जानकारी देते हुए सुशांत ने कहा कि इस बार का सीजन साइबर क्राइम पर आधारित होगा। सोशल मीडिया के दौर में लोग टेक्नोलॉजी की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन इस बीच हमारी सतर्कता में कमी हमारे नुकसान का कारण बन सकती है।
सुशांत तीन दिनों से रांची में हैं और कांके, बरियातु सहित अन्य क्षेत्रों में शूटिंग कर रहे हैं। सावधान इंडिया ने सिखाया है फाइट बैक करना बातचीत के दौरान सुशांत ने कहा कि सावधान इंडिया ने लोगों को लड़ना सिखाया है। पिछले कुछ सालों में हिम्मत के बल पर महिलाओं के आगे आने के उदाहरण बढ़े हैं। मुसीबतों से लड़ने और खुद को स्थापित करने के कई उदाहरण हैं। उनका मानना है कि इस बदलाव में सावधान इंडिया जैसे शो की भी भूमिका रही है।
दामन पर दाग है खराब ट्रैफिक व्यवस्था सुशांत सिंह ने शहर की तमाम खूबियों के बीच एक खामी भी गिनाई। कहा कि वे यहां की यातायात व्यवस्था से निराश हैं। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को अगर समय रहते ठीक नहीं किया गया तो आने वाले समय में यह एक बेहद खूबसूरत शहर के दामन पर सबसे बड़ा दाग यही साबित होगा। कला प्रेमियों के शहर में यातायात की अव्यवस्था परेशान करती है। जगह-जगह जाम से जूझते लोग परेशान दिखते हैं।