हजारीबाग में प्याज लूटकांड का एक आरोपित धराया, वाहन बरामद
थाना क्षेत्र के खपरियावां स्थित 13 जुलाई की रात दो लुटेरों ने करीब 3 क्विंटल प्याज लदे एक पिकअप वाहन को लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित खपरियावां निवासी विकास कुमार पिता सरोज साव बताया गया।
कटकमदाग (हजारीबाग), संसू। थाना क्षेत्र के खपरियावां स्थित 13 जुलाई की रात दो लुटेरों ने करीब 3 क्विंटल प्याज लदे एक पिकअप वाहन को लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित खपरियावां निवासी विकास कुमार पिता सरोज साव बताया गया। उसकी निशानदेही पर लूटे गए वाहन और प्याज भी बरामद कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक घटना की रात बड़कागांव से प्याज लदे पिकअप वाहन फुसरो जा रहा था।
इसी दौरान खपरियावां में दो युवकों ने वाहन को रोककर चालक से रुपये की मांग करने लगे। रुपये नहीं दिए जाने पर चालक जरीडीह बाेकारो निवासी प्रकाश कुमार पिता स्व. दिलीप महतो को लुटेरों ने ब्लेड से चीर कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। इस दौरान चालक किसी तरह वहां से भाग निकला। फिर उसने 100 नंबर पर डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। इधर लुटेरों ने प्याज लदे वाहन लेकर फरार हो गए।
दूसरे दिन चालक द्वारा कटकमदाग थाना में अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध आवेदन दिया गया। फिर कटकमदाग थाना प्रभारी बिपिन कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस ने दो दिनों के अंदर एक लुटेरे विकास को गिरफ्तार कर लिया। उसी के निशानदेही पर हजारीबाग रेलवे स्टेशन समीप से वाहन और सिरसी गांव से प्याज भी बरामद कर लिया गया। थाना में कांड संख्या 103/21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार लुटेरा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार एक अन्य की तलाश जारी है।