Jharkhand: मानव तस्करी मामले में फरार चल रहा आरोपित पत्नी के साथ गिरफ्तार, पिस्टल-गोली बरामद
Human Trafficking in Jharkhand ह्यूमन ट्रैफिकिंग के मामले में पुलिस लंबे समय से मनोज की तलाश कर रही थी। मनोज की गिरफ्तारी के लिए हेडक्वार्टर वन डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन हुआ था।
रांची, जासं। रांची के नामकुम थाने की पुलिस ने मानव तस्करी के मामले में फरार अभियुक्त मनोज साहू नामक व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। मनोज को मोरहाबादी से फोर्ड इंडीवर कार के साथ पकड़ा गया है। कार से पुलिस को एक पिस्टल, 10 गोली और भारी मात्रा में चेक बुक बरामद किया गया है। गिरफ़्तार महिला मनोज की दूसरी पत्नी है।
मानव तस्करी के मामले में पुलिस लंबे समय से मनोज की तलाश कर रही थी। मनोज की गिरफ्तारी के लिए हेडक्वार्टर वन डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम को सूचना मिलते ही मोरहाबादी से उसे दबोच लिया गया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि मनोज मोरहाबादी इलाके में अपनी कार से घूम रहा है।
इसकी सूचना मिलते ही हेडक्वार्टर में डीएसपी ने लालपुर गोंदा और बरियातू थाने की पुलिस ने घेराबंदी की और मोरहाबादी से उसे दबोच लिया। पुलिस को देखकर पहले मनोज ने भागने की कोशिश की। लेकिन खदेड़ कर उसे पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि पूछताछ में उससे कई बड़े मामलों के खुलासे हो सकते हैं।