Live-In Relationship: रांची में PLFI उग्रवादी के साथ रह रही युवती की फंदे से लटकती मिली लाश
Ranchi के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी में बुधवार को एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। युवती के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं।
रांची, जेएनएन। रांची के जगन्नाथपुर न्यू कॉलोनी में पूर्व पीएलएफआइ उग्रवादी संदीप महतो के साथ लिव इन में रह रही युवती की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। घटना बुधवार दिन के करीब 11 बजे की बताई जा रही है। फंदे से लटकती उसकी लाश बरामद हुई है। युवती के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। आरोपित संदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार लापुंग के पोकटा गांव निवासी लक्ष्मी कुमारी (18) लापुंग के मालगो निवासी संदीप महतो, पिता चरण महतो के साथ न्यू नगर में किराए के मकान में रहती थी। संदीप से अक्सर झगड़ा होता था। इसबीच बुधवार को संदीप करीब 11 बजे निकला तो लक्ष्मी साड़ी का फंदा बना झूल गई। संदीप ने वापस लौटकर देखा तो वह फंदे से झूलती मिली। इसके बाद वह शोर मचाने लगा।
शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। इधर परिजनों को भी सूचना दी गई। परिजन थाना पहुंचे और हत्या की आशंका जता प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
परिजनों को धमकाकर लाया था रांची
करीब छह महीने पहले संदीप ने लक्ष्मी के परिजनों को धमकाकर उसे रांची ले आया था। यहांजगन्नाथपुर इलाके में एक किराए के मकान में रहने लगे। बताया जाता है कि दोनों के बीच वर्षों से प्रेम संबंध था। हाल के दिनों में दोनों के बीच संबंध खराब हो गए थे। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी किसी तरह से संदीप से पीछा छुड़ाना चाहती थी। यहां तक कि उसे मार देना चाहती थी। कई बार नींद की गोली भी देनी चाही थी।
इस बात को लेकर अक्सर दोनों में झगड़ा होता था। मंगलवार की रात भी दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। संदीप ने लक्ष्मी की पिटाई भी की थी। संदीप के अनुसार लक्ष्मी घर में नाश्ता बना रही थी, इस दौरान वह बाहर निकला था। वापस आने पर फंदे से झूलती लाश मिली।
पीएलएफआइ कनेक्शन भी खंगाल रही पुलिस
संदीप महतो न्यू कॉलोनी में रहने के दौरान क्या करता था। यह कोई नहीं जानता। उसके रहन सहन को आसपास के लोग संदिग्ध बताते हैं। पूर्व में संदीप उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ से जुड़ा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं उसका जुड़ाव अभी भी पीएलएफआइ से तो नहीं था।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। मामले की छानबीन की जा रही है। -अनूप कर्मकार, इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी जगन्नाथपुर।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप