Move to Jagran APP

डायन का आरोप लगा मां-बेटी का मुंडन कर मैला खिलाने वाले 11 आरोपित जेल भेजे गए

डायन-बिसाही के मामले में मां-बेटी का सिर मुंडवा कर जबरन मल खिला गांव में घुमाने के आरोप में 11 आरोपितों को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया।

By Sachin MishraEdited By: Published: Sun, 18 Feb 2018 10:54 AM (IST)Updated: Sun, 18 Feb 2018 03:07 PM (IST)
डायन का आरोप लगा मां-बेटी का मुंडन कर मैला खिलाने वाले 11 आरोपित जेल भेजे गए
डायन का आरोप लगा मां-बेटी का मुंडन कर मैला खिलाने वाले 11 आरोपित जेल भेजे गए

जासं, रांची। डायन-बिसाही के मामले में मां-बेटी का सिर मुंडवा कर जबरन मल खिला पूरे गांव में घुमाने के आरोप में तीन महिलाओं सहित 11 आरोपितों को शनिवार को न्यायिक दंडाधिकारी एन बारला की अदालत में पेश करने के बाद बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया। इन सभी आरोपियों को सोनाहातू पुलिस ने बोंगादार-दुलमी गांव से गिरफ्तार किया था।

loksabha election banner

आरोपितों में सिमनतो हजाम, मिसरिया पुरान, जीतमोहन नायक, संपत नायक, अक्षय नायक, अशोक कुमार नायक, गुलाब नायक, संतोष नायक, शीला देवी, प्रमिला देवी व मालती देवी शामिल हैं। इनके खिलाफ पीड़ित मां-बेटी ने शुक्रवार को सोनाहातू थाना में कांड संख्या 8/18 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में पीड़िता ने बताया है कि 15 फरवरी को उसके घर में कई लोग जबरन घुस गए।

लोगों ने डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मालती देवी के दो बेटे अजय व विजय बेहोश हो रहे हैं। मर जाएंगे। इसके बाद हमें जीतमोहन नायक के घर ले गए। वहां अशोक कुमार नायक व प्रमिला देवी ने जबरन मल खिलाया। इसके बाद स्वर्णरेखा नदी के शमशान ले गए। मिट्टी प्रवाहित करवाई। मुंडन कराया। इसके बाद कपड़े उतरवाकर सादे कपड़े में पूरा गांव घुमाया।

इस तरह सामने आई शर्मनाक घटना

डायन-बिसाही सरीखे अंधविश्वास के खिलाफ कड़े कानून के बावजूद राजधानी रांची से सटे सोनाहातू थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां के बोंगादार-दुलमी गांव में डायन का आरोप लगाकर मां-बेटी का सिर मुंडवाकर जबरन मलमूत्र खिलाया गया। इस संबंध में सोनाहातू थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, उन्हें शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। भुक्तभोगी 65 वर्षीया महिला एवं 35 वर्षीया उसकी बेटी ने बताया कि भैयाद (करीबी रिश्तेदार) में तीन लोगों की बुधवार रात में अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद घरवालों ने एक ओझा को बुलाया।

ओझा ने झाड़-फूंककर बताया कि पूरे घर में डायन का प्रकोप है। उसने दोनों मां-बेटी को डायन घोषित कर दिया। इसके बाद गुरुवार की सुबह सभी लोग भुक्तभोगी के घर जुटे और मां-बेटी को घर से निकालकर जबरदस्ती मलमूत्र खिलाया। आरोपी मां-बेटी को जबरदस्ती स्वर्णरेखा नदी के तट पर श्मशान घाट ले गए और सिर का मुंडन करा दिया। नदी के तट पर ही दोनों के कपड़े बदलवा कर सादा कपड़ा पहनाया गया। बाद में दोनों का सिर मुंडवाकर पूरे गांव में घुमाया गया। डर के कारण-मां बेटी ने गुरुवार को किसी को मामले की जानकारी नहीं दी। गांव में 65 वर्षीय महिला अपने वृद्ध पति के साथ रहती है। बेटी की शादी टांगटांग गांव में हुई है। वह फिलहाल अपने मायके आई हुई थी। शुक्रवार की सुबह बेटी मां को लेकर ईचागढ़ स्थित मामा के घर पहुंची। इसके बाद ममेरे भाई के साथ सोनाहातू थाना में जाकर मामला दर्ज कराया।

इनके खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी, सभी गिरफ्तार :

दोनों महिलाओं ने जीतमोहन नायक, संबत नायक, अशोक नायक, अक्षय नायक, संतोष नायक, गुलाब नायक, प्रमिला देवी, शीला देवी, मालती देवी, सिमंत हजाम और ओझा मिसरिया पुरान के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। सभी 11 आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

जानिए, किसने क्या कहा

सोनाहातू में डायन बिसाही की घटना को गंभीरता से लिया है। ऐसी वारदात मानवता के नाम पर कलंक है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंधविश्वास के नाम पर किसी के साथ अत्याचार सहन नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। झारखंड को इस कलंक से मुक्ति दिलाना है। इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है।

-रघुवर दास, मुख्यमंत्री

---

जैसे ही पुलिस के संज्ञान में मामला आया, एक टीम बनाई गई। टीम ने सभी प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ऐसी घटना न घटे, इसके लिए पुलिस सतर्क है। समाज के प्रबुद्ध लोग, मुखिया, प्रधान, प्रेस- मीडिया, सखी मंडल व एनजीओ को आगे आकर जागरूकता अभियान चलाना होगा। जागरूकता नियमित होगी, तब ही इसे रोका जा सकेगा।

-कुलदीप द्विवेदी, एसएसपी, रांची।

रांची में डायन-बिसाही की प्रमुख घटनाएं

- 23 अगस्त 07 : तुपुदाना ओपी क्षेत्र के सौदाग पंचायत के महुआटोली गांव में वृद्ध दंपति मतलू तिग्गा (60 वर्ष) व उनकी पत्‍‌नी फूलमणी तिग्गा (55 वर्ष) की हत्या।

- 25 अगस्त 07 : तुपुदाना ओपी क्षेत्र के सौदाग पंचायत के महुआटोली में ही वृद्ध दंपत्ति की हत्या के विरोध में 20 गांवों के हजारों ग्रामीणों ने आरोपी बर्ना खोया के दो पुत्र सिलास खोया और निकोलस खोया के अलावा उनकी पत्‍‌नी लुसिया खोया की हत्या।

-नवंबर 07 : सौदाग पंचायत के महुआटोली गांव के ही चौथे आरोपी मुटुक खोया की हत्या।

- 26 मई 2009 : इटकी थाना क्षेत्र के चिनारो गांव में भंडारी गोसाई (85 वर्ष) व उनकी पत्‍‌नी बिरसी मुंडाइन (60 वर्ष) को मारपीट के बाद जला दिया गया।

- 03 जनवरी 2010 : तुपुदाना ओपी क्षेत्र में ही सौदाग बस्ती में सोमा खाखा (60 वर्ष), झिरगी खाखा (55 वर्ष) व फूलमनी खाखा (20 वर्ष) की तेज धारदार हथियार से हत्या।

- 13 जनवरी 2011 : तुपुदाना ओपी क्षेत्र में सौदाग पंचायत के गरसुल बस्ती में एक वृद्ध लोदो तिर्की (70 वर्ष) की टांगी से मारकर हत्या। पत्‍‌नी जल्टी तिर्की की हालत गंभीर।

- 08 अगस्त 2015 : मांडर के कंजिया में डायन-बिसाही में पांच महिलाओं की हत्या। इनमें मदनी खलखो (75 वर्ष), पति स्व. सुना खलखो। एतवरिया खलखो (35 वर्ष), पति स्व. बंगवा खलखो। जसिंता खलखो (60 वर्ष), पति मतियस खलखो। तेतरी खलखो (35 वर्ष), पिता स्व. एतवा खलखो। रकिया खलखो (60 वर्ष), पति स्व. एतवा खलखो शामिल।

05 अगस्त 2016 : दशम फॉल थाना क्षेत्र के हांजेद रोसेल में 14 साल की मुंगिया कुमारी, 10 साल के कंचना मुंडा व 50 साल के डिंबा मुंडा की धारदार हथियार से हत्या। 16 साल का हरि सिंह मुंडा व 60 साल की सोमवारी देवी जख्मी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.