कोडरमा में कुएं में मिला विवाहिता का शव, ससुराल व मायके पक्ष में जमकर मारपीट
Jharkhand. एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। घटना के बाद मृतका का पति ससुर और उसका जेठ फरार है।
कोडरमा, जासं। कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र के करमा में कुएं से विवाहिता का शव बरामद किया गया है। जयनगर प्रखंड के कंदरपडीह की रहने वाली विवाहिता पुष्पा देवी की शादी पिछले साल करमा निवासी राहुल साव से हुई थी और 25 दिन पहले मृतका ने एक बेटे को जन्म भी दिया था। वहीं दूसरी तरफ घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में मृतक के परिजनों ने करमा पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान ससुराल और मायके पक्ष के बीच जमकर मारपीट भी हुई।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतका के पिता मनोज साव ने बताया कि साल भर पहले उन्होंने अपनी बेटी का विवाह किया था और 25 दिन पहले ही उसने एक बच्चे को भी जन्म दिया था।
मृतका के पिता मनोज साव की माने तो मृतका का पति समेत ससुराल वालों के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। इसी कारण उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। फिलहाल एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और परिजनों से घटना की जानकारी ली है। घटना के बाद मृतका का पति, ससुर और उसका जेठ फरार है।