LIVE Coronavirus Ranchi: रांची में 2 महिला सहित 6 नए कोरोना मरीज, कुल 306 पॉजिटिव मामले
LIVE Coronavirus Ranchi. चार मामलों में तीन हिंदपीढ़ी इलाके के हैं। जबकि एक अन्य बिरसाचौक का रहने वाला है। अब रांची में 133 कोरोना मरीज सक्रिय हैं।
रांची, जेएनएन। LIVE Coronavirus Ranchi News Updates रांची में बुधवार को कोरोना वायरस के 6 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। अब रांची में कोरोना के कुल 306 मरीज हो गए हैं। इनमें से चार की मौत हो गई है और 169 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब 133 कोरोना मरीज सक्रिय हैं। इनका इलाज चल रहा है।
संक्रमितों में दो पत्थलकुदवा, दो हिंदपीढ़ी के
राजधानी में बुधवार को कोरोना के छह पॉजिटिव मामले की पुष्टि हुई है। दो पॉजिटिव मामले की जांच रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में हुई थी, जबकि अन्य चार मामलों की जांच सदर अस्पताल के ट्रूनेट मशीन में की गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, रिम्स में जांचे गए दो संक्रमित मरीज पत्थलकुदवा की रहने वाली महिला हैं। दोनों की जांच कॉन्टे्रक्ट ट्रेसिंग के आधार पर की गई।
सैंपल जांच से पूर्व सभी को रिम्स के आइसोलेशन में रखा गया था। वहीं अन्य चार मामलों में तीन हिंदपीढ़ी इलाके के हैं। जबकि एक अन्य बिरसाचौक का रहने वाला है। इन सभी की जांच भी क्लोज कॉन्टै्रक्ट के आधार पर सदर अस्पताल में की गई। सिविल सर्जन ने बताया कि सभी संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू है। सभी को कोविड अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया है।
कोविड वार्ड में संक्रमित गर्भवती ने दिया नवजात को जन्म
रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला ने नवजात को जन्म दिया। कोविड ड्यूटी पर तैनात गायनी विभाग की डॉ. निधि और शिशु रोग विभाग के डॉ. विवेक की देखरेख में प्रसव कराया गया। डॉ. निधि ने बताया कि प्रसव के बाद महिला की स्थिति ठीक है। जबकि नवजात की स्थिति गंभीर है। महिला का प्रसव सातवें महीने में ही करना पड़ा, जिस वजह से बच्चे की स्थिति फिलहाल गंभीर है। बच्चे को कोविड वार्ड में ही बने एनआइसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम में डॉ. पीयूष, डॉ. अभिषेक, डॉ. कृष्णा, डॉ. अपुर्वा, डॉ. निधि और डॉ. विवेक का सहयोग रहा।
चुटिया थाने के 47 पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट निगेटिव
चुटिया थाना के लिए राहत भरी खबर है। चुटिया थाना के सभी पुलिसकर्मियों की कोविड-19 टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। चुटिया थाना के थानेदार सहित 47 पुलिसकर्मियों का सैंपल लिया गया था, इनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बता दें कि चुटिया थाने का एक पुलिसकर्मी पॉजिटिव मिला था। इसके बाद से थाने को सील कर दिया गया था। थाने में ड्रॉप बॉक्स रखकर कामकाज किया जा रहा है। पूरी सतर्कता बरती जा रही है।