गढ़वा में सड़क दुर्घटना में 5 वर्षीय बच्चे की मौत, मां-बाप व बहन घायल
Jharkhand Garhwa Accident News Update बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया। घायलावस्था में दंपति व दोनों बच्चों को उस ओर से गुजर रहे राहगीरों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया।
गढ़वा, जासं। गढ़वा जिले के गढ़वा-मझिआंव मुख्य मार्ग पर मेराल थाना क्षेत्र के हारनदुब के समीप सड़क दुर्घटना में लवकुश कुमार 5 वर्ष पिता श्याम लाल मेहता की मौत हो गई। जबकि इस घटना में श्यामलाल मेहता, उसकी पत्नी शोभा देवी व डेढ़ वर्षीया पुत्री रानी कुमारी घायल हो गए। घटना शुक्रवार की देर शाम की है। जानकारी के अनुसार मझिआंव थाना क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी श्यामलाल मेहता अपने ससुराल सदर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव से पत्नी व बच्चों को लेकर मोटरसाइकिल से घर जा रहा था।
इस दौरान हारनदुब के समीप यह घटना घटित हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया। घायलावस्था में दंपति व दोनों बच्चों को उस ओर से गुजर रहे राहगीरों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने लवकुश कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रुप से घायल श्यामलाल मेहता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया। घायल शोभा देवी व उसको पुत्री रानी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।