Bird Flu Latest News: जमशेदपुर में 4 कौवों की मौत, झारखंड में मचा हड़कंप; कृषि मंत्री ने दिए जांच के निर्देश
Bird Flu in Jamshedpur एहतियात के तौर पर राज्य स्तर पर अलर्ट जारी किया गया है। पशुपालन पदाधिकारियों को निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। जिला पशुपालन अधिकारी ने कहा कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि कौवे की मौत बर्ड फ्लू से हुई है या नहीं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Bird Flu Latest News देश के कई राज्यों में बर्ड फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच झारखंड के जमशेदपुर में चार कौवों की मौत हो गई। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने जमशेदपुर में हुई कौवों की मौत की जांच के निर्देश पशुपालन सचिव को दिए हैं। बादल ने कहा कि टास्क फोर्स की टीम घटनास्थल पर गई थी। जिला पशुपालन पदाधिकारी ने जानकारी दी है कि चार कौवों की मौत हुई है, जिसे रांची स्थित एलआरएस लैब में लाया जा रहा है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि बर्ड फ्लू से मौत हुई है या नहीं।
वैसे एहतियात के तौर पर राज्य स्तर पर अलर्ट जारी कर दिए गए हैं। दो दिन पहले ही पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि एहतियात बरती जाए। बादल ने कहा कि जिला पशुपालन पदाधिकारियों को सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। पशुपालन पदाधिकारियों से प्रतिदिन खैरियत रिपोर्ट निदेशक, पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान रांची को भेजने का निर्देश दिया गया है।