अंशुल लकड़ा व कृष्णा तिर्की समेत 4 खिलाड़ियों को रांची रेल मंडल में मिली नौकरी Ranchi News
Jharkhand News जिन खिलाडिय़ों को नौकरी दी गई है उनमें हॉकी के एक पुरुष खिलाड़ी व एक महिला खिलाड़ी और वालीबाल के दो पुरुष खिलाड़ी हैं। चारों खिलाडिय़ों को मंडल के वाणिज्य विभाग में नियुक्ति दी गई है।
रांची, जासं। रांची रेल मंडल में चार खिलाड़ियों को रेलवे ने नौकरी दी है। चारों देश के उभरते हुए खिलाड़ी हैं। जिन खिलाडिय़ों को नौकरी दी गई है, उनमें हॉकी के एक पुरुष खिलाड़ी व एक महिला खिलाड़ी और वॉलीबॉल के दो पुरुष खिलाड़ी हैं। चारों खिलाड़ियों को मंडल के वाणिज्य विभाग में नियुक्ति दी गई है। इनमें से साल 2017 में हॉकी के खिलाड़ी कृष्णा तिर्की ने औरंगाबाद और भोपाल में आयोजित जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था।
उसी साल महिला हॉकी खिलाड़ी अंशुल लकड़ा ने भोपाल में आयोजित महिला हॉकी जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित ब्रिक्स गेम्स में वॉलीबॉल खिलाड़ी रोहित कुमार बिंद ने कांस्य पदक जीता था और 44वें जूनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में तीसरे स्थान पर रहे थे।
वॉलीबॉल खिलाड़ी रमन चौधरी 44वें नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में साल 2017 में दूसरे स्थान पर रहे थे। इन सभी को डीआरएम नीरज अंबष्ट ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह क्रीड़ा अधिकारी अवनीश, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मणिशंकर और मंडल वाणिज्य प्रबंधक डा देवराज बनर्जी मौजूद थे।