Move to Jagran APP

CM हेमंत सोरेन ने कहा- उपद्रवी बख्शे नहीं जाएंगे, काफिला रोकने के मामले में 30 गिरफ्तार; 50 हिरासत में

Hemant Soren Carcade सीएम का काफिला रोकने की कोशिश के मामले में 65 नामजद सहित 150 पर सुखदेवनगर थाने में एफआइआर दर्ज की गई है। ओरमांझी में युवती की दुष्कर्म-हत्या मामले में हत्यारों का सुराग देने वालों के लिए इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार की गई।

By Alok ShahiEdited By: Published: Tue, 05 Jan 2021 10:19 PM (IST)Updated: Wed, 06 Jan 2021 08:00 AM (IST)
Hemant Soren Carcade: सुखदेवनगर थाने में 65 नामजदों सहित 150 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

रांची, जासं। Hemant Soren Carcade राजधानी रांची के हरमू रोड किशोरगंज चौक पर झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन का कारकेड रोकने और उपद्रव करने के मामले में पुलिस ने अबतक 30 लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि 50 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनके काफिले को रोकने के क्रम में उपद्रव फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

loksabha election banner

सीएम ने कहा कि सोमवार की शाम जब वे सचिवालय से वापस आवास लौट रहे थे तब कुछ लोग घात लगाए उनके इंतजार में बैठे थे। जब उनका प्रयास सफल नहीं हुआ तो वही लोग उपद्रव करने लगे। प्रशासन ऐसी हरकतों को पूरी गंभीरता से लेगा। इस घटना में जो भी लोग शामिल होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

इस मामले में राज्य सरकार ने रांची डीसी और एसएसपी को शो-कॉज जारी करते हुए मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। इस मामले में सुखदेवनगर थाने में 65 नामजदों सहित 150 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नामजदों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। प्रमुख नामजद आरोपितों में भैरव सिंह, अमृत रमण, निशांत कुमार यादव, मोनू सिंह शामिल हैं। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी जारी है।

सबको मालमू है, इन घटना में कौन शामिल

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी घर पहुंचने के बाद हुई। कहा कि उन्हें रास्ता दिखाने के लिए लोग होते हैं। वे जिन रास्तों से लेकर निकले, वे उधर से घर पहुंचे। घर पहुंचने के बाद उन्हें सारी बातों की जानकारी मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची छोटा शहर है और सभी लोग एक दूसरे को जानते हैं और चेहरा पहचानते हैं। इसमें कौन लोग और किसके लोग हैं, सबको मालूम है। कानून दल और पार्टी देखकर काम नहीं करता। गलत हरकत करने वालों पर करवाई होगी। उन्होंने लड़की की हत्या मामले में अभी तक पुलिस कार्रवाई में सफलता नहीं मिलने के सवाल पर कहा कि ये उन्हीं लोगों का प्रयास है, जो आज खबरों में हैं। सरकार कोई खबर छुपाने के पक्ष में नहीं है। हर चीज लोगों के सामने है।

25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये इनाम

ओरमांझी में जिस युवती की दुष्कर्म-हत्या के खिलाफ आक्रोश में उपद्रव की घटना घटी, उसकी जांच के लिए डीएसपी सिल्ली के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। युवती की पहचान व हत्यारों का सुराग देने वालों के लिए पुलिस ने इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है। पुलिस को युवती की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी मिल गई है, जिसमें गला काटकर हत्या की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म के ङ्क्षबदु पर राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है।

साजिश हुई है, उपद्रवी बचेंगे नहीं : डीजीपी

डीजीपी एमवी राव ने किशोरगंज की घटना को एक साजिश के तहत की गई घटना बताया। उन्होंने कहा कि यह एक तरह की गुंडागर्दी है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों व उन्हें उकसाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। डीजीपी ने कहा कि ऐसा करने वाले मूर्ख हैं, जो इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं। इस मामले में वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। इंस्पेक्टर अधमरा हो गया है। ऐसे उपद्रवी कानून से बचेंगे नहीं, उन्हें सबक सिखाकर ही दम लेंगे।

रांची के डीसी-एसएसपी को शो-कॉज, उच्चस्तरीय समिति करेगी जांच

रांची में हरमू रोड स्थित किशोरगंज में मुख्यमंत्री के काफिले को रोकने की कोशिश व उपद्रव मामले में राज्य सरकार ने रांची के डीसी छवि रंजन व एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा को शो-कॉज किया है। इस पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए सरकार ने दो सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। उच्चस्तरीय समिति में भारतीय प्रशासनिक सेवा व भारतीय पुलिस सेवा के एक-एक वरीय अधिकारी रहेंगे। उच्चस्तरीय समिति को पूरे मामले में जांच कर शीघ्र विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.