चतरा में तालाब में डूबने से 2 मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम Chatra News
Jharkhand News. कड़ी मशक्कत के बाद लगभग आधे घंटे में दोनों बच्चों को तालाब से निकाल कर हजारीबाग ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।
गिद्धौर (चतरा), जासं। चतरा जिले के पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के नोनगांव गांव में रविवार को तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के द्वारा बच्चों को तालाब से निकाल लिया गया था। बेहतर इलाज के लिए दोनों बच्चों को सदर अस्पताल हजारीबाग ले जा रहा था। इसी बीच रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ा दिया।
नोनगांव पंचायत सचिवालय के पीछे दुर्गा मंडप तालाब में बच्चों को डूबता देख एक बुजुर्ग ने हल्ला मचाया। इसके बाद परिजन व आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग आधे घंटे में दोनों बच्चों को निकाल कर 108 एंबुलेंस से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया। रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटकमसांडी ले गए।
यहां चिकित्सक ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चे नोनगांव के मो शाकिर के 10 वर्षीय पुत्र मो. अशफाक व मो गुलजार के 8 वर्षीय पुत्र मो. इमरान बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि दोनों बच्चे तालाब के मेढ़ से गुजरते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरन पैर फिसलने से एक बच्चा तालाब में गिर गया। उसे बचाने के क्रम में दूसरा बच्चा भी डुब गय। मो. इमरान कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लूकूम गांव का है जो कुछ दिन पहले अपने नाना शरीफ मियां के घर आया हुआ था। दोनों बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हल है। मालूम हो कि यह तालाब उत्क्रमित मध्य विद्यालय के नजदीक है। यहां बड़ी घटना होने की आशंका बनी रहती है।