नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद सोशल मीडिया पर वायरल किया वीडियो, 2 गिरफ्तार Ranchi News
Jharkhand Crime News. नाबालिग के अनुसार बीते तीन जुलाई की दोपहर एक बजे उसकी मां किसी काम से बाहर गई हुई थी। वह घर में अकेली थी। इसी दौरान दोनों ने दुष्कर्म किया।
नामकुम (रांची), जासं। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने गौतम महली एवं बिट्टू तिर्की को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपी को जेल भेजने की तैयारी कर रही है। फिलहाल पुलिस दोनों से पुछताछ कर रही है। दोनों पर आरोप है कि नाबालिग लड़की से पहले दुष्कर्म किया, फिर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इस संबंध में नाबालिग लड़की के बयान पर नामकुम थाने में आरोपित गौतम महली एवं बिट्टू तिर्की पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। नाबालिग के अनुसार बीते तीन जुलाई की दोपहर एक बजे उसकी मां किसी काम से बाहर गई हुई थी। वह घर में अकेली थी। इसी दौरान गौतम एवं बिट्टू घर में प्रवेश कर गए। फिर दोनों ने मिलकर ज्यादती की और उसका वीडियो बना लिया।
आरोपितों ने नाबालिग का वीडियो सोशल मीडिया एवं फेसबुक पर डालकर वायरल कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसके बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लगातार छापेमारी की। अंतत: सोमवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस मोबाइल की बरामदगी का प्रयास कर रही है, जिससे नाबालिग के साथ दुष्कर्म का वीडियो बनाया गया था।
आरोपियों ने दुष्कर्म की बात किसी को बताने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी। नाबालिग ने डर से किसी को नहीं बताया। इसके बाद भी आरोपियों ने फेक आइडी बनाकर वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया था। रविवार को नाबालिग के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।