शहरों के विकास पर खर्च होंगे 1950 करोड़
झारखंड म्युनिसिपल डवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत राज्य के शहरों के विकास पर 1,950 करोड रुपये का खर्च किया जाएगा
रांची : झारखंड म्युनिसिपल डवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत राज्य के शहरों के विकास पर 1,950 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें से 70 फीसद राशि विश्व बैंक देगा, जबकि शेष 30 फीसद राशि का वहन राज्य सरकार करेगी। यह प्रोजेक्ट अगले सात वर्षो तक चलेगा। इसे लेकर मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में वर्ल्ड बैंक प्री अप्रैजल मिशन की बैठक हुई। इसमें इस प्रोजेक्ट पर विस्तृत चर्चा हुई। इस क्रम में विश्व बैंक तथा जुडको ने पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से तथ्यों को रखा। विश्व बैंक ने अर्हता पर बात की। इसके साथ ही जुडको ने राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी दी।
इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में धनबाद जिले में 414 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण होगा। गोल बिल्डिंग से विनोद बिहारी चौक तक 20 किमी तक आठ लेन की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे यातायात सुचारू होगी। वहीं, खूंटी जिले में लगभग 57 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल आपूर्ति का कार्य होगा। इसी प्रकार, दूसरे चरण में इंटीग्रेटेड एक्शन प्लान के तहत प्रदेश के विभिन्न शहरों में आधारभूत संरचना के विकास का कार्य किया जाएगा। बता दें कि विश्व बैंक की टीम दो दिवसीय झारखंड दौरे पर है। बैठक में नगर विकास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा है कि विश्व बैंक नगर निकायों की कैपेसिटी बिल्डिंग में पांच वर्षो तक योगदान देगा तो नगर निकाय आगे इसके लिए स्वयं सक्षम हो जाएंगे। पथ निर्माण के सचिव केके सोन ने धनबाद जिले में आठ लेन सड़क के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण व रैयतों के शीघ्र मुआवजा पर जोर दिया।