Jharkhand Coronavirus Update: झारखंड में आज मिले 192 कोरोना पॉजिटिव, 2 मौतें; जानें ताजा हाल
Jharkhand Coronavirus Update शनिवार को पुराने मरीजों के स्वस्थ होने से अधिक नए कोरोना संक्रमित मिले। राज्य में 14985 लोगों की कोरोना जांच हुई जिनमें 192 संक्रमित पाए गए। 179 मरीज स्वस्थ हुए। रांची तथा लातेहार में एक-एक कोरोना की मौत हो गई।
रांची, जासं। Jharkhand Coronavirus Update झारखंड में एक बार फिर शनिवार को पुराने मरीजों के स्वस्थ होने से अधिक नए कोरोना संक्रमित मिले। राज्य के विभिन्न जिलों में 14,985 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें 192 संक्रमित पाए गए। वहीं, पूरे राज्य में 179 मरीज स्वस्थ हुए। दूसरी तरफ, रांची तथा लातेहार में एक-एक कोरोना की मौत हो गई। शनिवार को एक बार फिर रांची में सबसे अधिक 75 नए संक्रमित मिले।
रांची में 66 मरीज स्वस्थ भी हुए। रांची के बाद पूर्वी सिंहभूम में 45, धनबाद में 15, पलामू में 13 तथा रामगढ़ में दस नए संक्रमित की पहचान हुई। चतरा, गढ़वा, गोड्डा, लातेहार, पाकुड़, साहिबगंज, सरायकेला खरसावां तथा सिमडेगा में कोई संक्रमित नहीं मिला। अन्य जिलों में दस से कम संख्या में ही संक्रमित मिले हैं। नए संक्रमितों की पहचान होने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में सक्रिय मामले 1,578 हो गए है।