हजारीबाग में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत
हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव में शनिवार की देर शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बताया गया कि इस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ही रूपेश कुमार की मौत हो गई।
हजारीबाग/केरेडारी, संसू । हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव में शनिवार की देर शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बताया गया कि इस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ही रूपेश कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़ कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी फौरन मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग भेजने की प्रक्रिया शुरु कर दी।
वहीं दूसरी ओर वाहन को जब्त कर लिया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सलगा गांव के कुँवर साव का ट्रेक्टर देर शाम अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सलगा निवासी विजय राम का 12 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार तेज रफ्तार ट्रेक्टर के नीचे आ गया। इससे बच्चे की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। लोग फौरन घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। इधर मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घटना को लेकर गांव में शोक व्याप्त है।