LIVE Coronavirus Ranchi: रांची में एक नया कोरोना मरीज, एक हुआ स्वस्थ; अब 53 सक्रिय मामले
LIVE Coronavirus Ranchi. पॉजिटिव निकला रिम्स का सेवानिवृत्त कर्मचारी रिम्स के पीछे स्थित जोड़ा तालाब बस्ती का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 63 वर्ष है।
रांची, जेएनएन। LIVE Coronavirus Ranchi News Updates रांची में मंगलवार को कोरोना वायरस का एक नया मरीज मिला है। इसके अलावा एक कोरोना मरीज स्वस्थ भी हुआ है। अब राजधानी रांची में कोरोना वायरस के कुल 222 केस हो गए हैं। इसमें से 165 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इसके अलावा 4 कोरोना मरीजों की मौत हो गई है। हालांकि मृतक अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रसित थे। अब रांची में कोरोना के 53 सक्रिय केस बचे हैं। उनका इलाज चल रहा है।
रिम्स के ऑर्थो वार्ड में भर्ती मरीज व सेवानिवृत्त कर्मचारी को कोरोना संक्रमण
राजधानी में मंगलवार को कोरोना के दो पॉजिटिव मामले मिले हैं। एक रिम्स का सेवानिवृत्त कर्मचारी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा ऑर्थोपेडिक वार्ड में डॉ. गोविंद गुप्ता के यूनिट में भर्ती 15 वर्षीय मरीज है। मिली जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय मरीज बुलेट इंज्यूरी से घायल होकर रिम्स पहुंचा था। शनिवार देर शाम उसे पलामू मेडिकल कॉलेज से रिम्स में शिफ्ट किया गया था। वार्ड में भर्ती करने के बाद डॉक्टर व नर्सों की टीम ने उसकी ड्रेसिंग भी की थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर मरीज का कोविड टेस्ट कराया गया।
मंगलवार को आई रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। डॉ. गोविंद गुप्ता ने बताया कि मरीज को देखने के दौरान सभी चिकित्सकों ने सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया था। उन्होंने बताया कि मरीज की सर्जरी की जानी थी। रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
इधर, पॉजिटिव निकला रिम्स का सेवानिवृत्त कर्मचारी रिम्स के पीछे स्थित जोड़ा तालाब बस्ती का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 63 वर्ष है। किसी बीमारी के कारण उसे रिम्स में भर्ती किया गया था। सैंपल की जांच की गई तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।
ऑर्थो वार्ड किया जाएगा सैनिटाइज
डॉ. गोविंद गुप्ता ने बताया कि आइसीएमआर के गाइडलाइन के अनुसार पूरे वार्ड को सैनिटाइज किया जाएगा। साथ ही संक्रमित के संपर्क में आए मेडिकल स्टाफ की सूची तैयार की जा रही है। उनके सैंपल की जांच पांच दिनों के बाद की जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व करीब 10 दिन पूर्व उनके वार्ड का ही एक मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद डॉक्टर समेत करीब 15 स्टाफ के सैंपल की जांच की गई थी। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग कर चार का लिया गया सैंपल
कोकर के सुंदर बिहार कॉलोनी में चार दिन पूर्व मिले कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने वाले चार लोगों का सैंपल लिया गया। सिविल सर्जन डॉ. वीबी प्रसाद ने बताया कि चार दिन पूर्व कोकर इलाके में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद संक्रमित के संपर्क में आए लोगों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की गई।
कॉलोनी में संक्रमित के घर के बाजू के पांच घरों की सूची तैयार की गई। इसके बाद मंगलवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा चार परिवारों के मुखिया का सैंपल लिया। एक अन्य का सैंपल नहीं लिया जा सका। उन्होंने बताया कि सैंपल लेने के बाद सभी को क्वारंटाइन किया गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।