Latehar Corona News: लातेहार में मिले 02 कोरोना पॉजिटिव, अबतक 22; जानें ताजा हाल
Jharkhand Coronavirus Update. कोरोना पॉजिटिव मरीज प्रवासी बताया जा रहा है। अब लातेहार में कोरोना मामलों की संख्या 22 हो गई है।
रांची, जेएनएन। लातेहार जिले में शनिवार को कोरोना का दो नया मरीज पाया गया है। इसकी पुष्टि करते हुए सिविल सर्जन डा. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त मरीज प्रवासी मजदूर हैं और बाहर से आने के बाद उन्हें चंदवा के एक सरकारी क्वारंटाइन सेंटर व एक महुआडांड़ सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। सीएस डा.श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया था और सैंपल संग्रह कर कोरोना जांच के लिए भेजा गया था। शनिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है।
रिपोर्ट आने के उसे जिला मुख्यालय स्थित राजहार के कोविड-19 सेंटर में भर्ती कर सरकारी गाइडलाइन व प्रोटोकॉल के तहत इलाज किया जा रहा है। ज्ञात हो कि अब जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 22 हो गई है। इनमें नौ लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। इस प्रकार जिले में अब कोरोना के कुल 12 एक्टिव मामले रह गए हैं।
झारखंड सरकारी क्वारंटाइन सेंटर से आज दो निकला कोरोना पॉजिटिव
लातेहार में शनिवार को 02 कोरोना मरीज मिला है। यह कोरोना पॉजिटिव मरीज प्रवासी बताया जा रहा है। अब लातेहार में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 22 हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को भी लातेहार में कोरोना के 6 नए मामले सामने आए थे। एक्टिव केस की बात की जाए तो लातेहार में अब 15 एक्टिव केस कोरोना वायरस के हो गए हैं।
पॉजिटिव मरीज को गांव से लाने पहुंची एम्बुलेंस प्रतिनिधि को झेलना पड़ा ग्रामीणों का विरोध
चंदवा प्रखंड के बारी पंचायत के एक गांव में कोरोना पॉजिटिव मिलने की सूचना के बाद प्रखंड प्रशासन गांव पहुंचा। जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति को लाने के लिए एम्बुलेंस भेजा गया। यहां उसे ग्रामीणों को आक्रोश झेलना पड़ा। जांच रिपोर्ट आने के पूर्व मरीज को छोड़ देने की बात पर ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि इससे पूरा गांव महामारी की चपेट में आ सकता है। मिली जानकारी के अनुसार गांव का एक ग्रामीण दूसरे प्रदेश से काम कर लौटा था।
इसके बाद उसे क्वारंटाइन केन्द्र में रखा गया था। सैंपल जांच के लिए गया था। जब तक रिपोर्ट आती, उसके पहले ही क्वारंटाइन केन्द्र की अवधि पूरी हो गई। क्वारंटाइन केन्द्र में भीड़ को देखते हुए उसे होम क्वारंटाइन केन्द्र में रहने को कहा गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात्रि पहुंचने के बाद वह वहां सार्वजनिक जीवनयापन कर रहा था। इस बीच वह परिजनों समेत कई लोगों के संपर्क में आया था। गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज की सूचना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। पास के ही एक पंचायत के पॉजिटिव आए एक अन्य व्यक्ति को भी विभाग की निगरानी में रखा गया है।
शनिवार को गांव पहुंची स्वास्थयकर्मियों की टीम, हुई स्क्रीनिंग
गांव के एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थयकर्मियों की टीम गांव पहुंची। मरीज के परिजनों के साथ उसके संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार कर उनकी हेल्थ स्क्रीनिंग की गई। शारीरिक दूरी का पालन करते उन्हें उन्हें होम क्वारंटाइन में रहने की बात कही गई।
क्या कहते हैं बीडीओ
बीडीओ अरबिन्द कुमार ने इस बाबत बताया कि क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद उक्त व्यक्ति को होम क्वारंटाइन केन्द्र में रहने का निर्देश दिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना के साथ उक्त व्यक्ति को पुनः क्वारंटाइन कर दिया गया है। गांव पहुंचे उस व्यक्ति के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल लिया गया है। उन्हें होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है। महामारी से बचने के लिए लोगों से मिले निर्देशों की अनुपालन की अपील भी की है।