झारखंड के रामगढ़ में ट्रैक्टर के साथ जिंदा जला चालक
Tractor driver burn alive in Jharkhand. झारखंड के रामगढ़ में ट्रैक्टर के साथ चालक जिंदा जल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, दुलमी (रामगढ़)। रामगढ़ जिले के रजरप्पा के गोला-चारु पथ स्थित कुल्ही जोबला घाटी में बुधवार दोपहर करीब नया सोनालिका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद इंजन में आग लग गई। गाड़ी में फंस जाने के कारण मौके पर ही चालक ट्रैक्टर के साथ जिंदा जल गया।
बताया जाता है कि घाटी में अनियंत्रित होकर पलटने के बाद कुछ दूर तक चालक सहित ट्रैक्टर लुढ़कता रहा। इसके बाद ट्रैक्टर के इंजन में आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि वहां मौजूद ग्रामीण आग बुझाने या चालक को बाहर निकालने की हिम्मत नहीं जुटा सके। देखते ही देखते ट्रैक्टर आग के गोले में तब्दील हो गया। मृतक चालक की पहचान मथुरा (यूपी) निवासी रामगोपाल के रूप में हुई है।
वह रांची स्थित सोनालिका पावर ट्रैक्टर शो रूम में काम करता था। रांची से नए सोनालिका ट्रैक्टर को गोड्डा शो रूम लेकर जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। रजरप्पा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश पासवान ने बताया कि घटना की सूचना चालक के परिजनों व ट्रैक्टर शो रूम मालिक को दे दी गई है। चालक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप