स्वास्थ्य मंत्री के आदेश से अस्पताल में जांच करने पहुंचे सिविल सर्जन व उपाधीक्षक
जागरण संवाददाता रामगढ़ शहर के थाना चौक स्थित साई हेल्थ केयर नामक निजी अस्पताल पर भर्ती
जागरण संवाददाता, रामगढ़ : शहर के थाना चौक स्थित साई हेल्थ केयर नामक निजी अस्पताल पर भर्ती मरीज के इलाज के नाम पर मरीज से अधिक पैसे वसूली करने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य महकमा अचानक रेस हो गया। स्वास्थ्य मंत्री के आदेश से सिविल सर्जन डा. गीता सिन्हा मानकी को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। सिविल सर्जन व सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. उदय कुमार श्रीवास्तव शिकायत की जांच करने के लिए साईं हेल्थ केयर अस्पताल थाना चौक पहुंचे। सिविल सर्जन ने अस्पताल के चिकित्सक डा. मिथिलेश कुमार के अलावा अन्य कर्मचारियों से भी शिकायत को लेकर पूछताछ की। इस दौरान मरीजों से ज्यादा पैसे लेने के मामले को लेकर गहनता से जांच कर। इसके बाद सिविल सर्जन ने माना कि इस अस्पताल में इलाज के नाम से मरीजों से ज्यादा पैसा लिया जा रहा है। मौके पर ही सिविल सर्जन ने साईं हेल्थ केयर अस्पातल के अस्पताल प्रबंधन को नोटिस दिया है। सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन व चिकित्सक मिथिलेश कुमार ने मरीज को ठीक करने की बात कही। साथ ही बनाए गए बिल पर हामी भरी। इसके बाद सिविल सर्जन अस्पताल की अन्य व्यवस्था की भी जांच पड़ताल की।
बिल अधिक लेने की पुष्टि, सुधरने की दी गई नसीहत : सिविल सर्जन
मामले की जांच पड़ताल के बाद पत्रकारों से बातचीत के क्रम में सिविल सर्जन डा गीता सिन्हा मानकी ने स्वीकार किया कि मरीज से अधिक पैसा लिया गया है। इसे कम करवा दिया गया है। आगे कोई भी गलती ना हो जिसका सख्त हिदायत दी गई है। अस्पताल प्रबंधन व चिकित्सक को मानवीय स्तर पर बिल लेने की नसीहत दी गई।