बूथ एप का रामगढ़ में पहली बार प्रयोग सफल रहा : उपायुक्त
उपायुक्त संदीप सिंह ने कहा कि बुथ एप का रामगढ़ में पहली बार प्रयोग हो रहा है।
संवाद सहयोगी, रामगढ़ : उपायुक्त संदीप सिंह ने कहा कि बूथ एप का रामगढ़ में पहली बार प्रयोग हो रहा है। यह प्रयोग बेहतर तरीके से सफल होता दिख रहा है। इसके तहत क्यू सिस्टम से मतदाता अपना मतदान कर रहे है। बूथ एप का लोगों ने स्वागत किया है। जिला के दोनों विधानसभा में शांतिपूर्ण तरीके से लोगों ने मतदान किया है। कहा कि जिला प्रशासन ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने का जो प्रयास किया था वह करीब-करीब सफल रहा है। लोग पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंच रहे है। उपायुक्त गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय स्कूल परिसर में स्थित 51 नंबर बूथ संख्या में पत्नी शिवानी सिंह के साथ मतदान करने पहुंचे थे। उपायुक्त ने बीएलओ से मतदान से संबंधित कई जानकारी ली। वहां पर मौजूद कई राजनीतिक दल के नेता व आम लोगों ने शिकायत किया कि मतदान में देरी हो रही है। कई तकनीकि परेशानी आ रही है। इस पर उपायुक्त ने सभी को आश्वस्त किया कि किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। सभी कुछ बेहतर तरीके से होगा। बाद में व्यवस्था को और बेहतर करने का उपायुक्त ने आदेश दिया। उन्होंने सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया कि वे बढ़-चढ़कर मतदान करने पहुंचे हैं। बाद में उपायुक्त ने विधि-व्यवस्था को देखा और पदाधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान कई अधिकारी भी मौजूद थे।