खेल का मैदान है, बचा लीजिए हुजूर!
राकेश पांडेय भुरकुंडा(रामगढ़) कागजों में यह दस एकड़ का मैदान है। कई पीढि़यों से
राकेश पांडेय, भुरकुंडा(रामगढ़) : कागजों में यह दस एकड़ का मैदान है। कई पीढि़यों से लोग इसे हाई स्कूल मैदान कहते आए हैं। अहले सुबह हर रोज यहां सैकड़ों बुजुर्ग महिला पुरुष घूमते मिल जाएंगे। देर शाम ढले क्रिकेट-फुटबॉल खेलते बच्चे और बैठ किनारे गप्पे लड़ाती नवयौवनाओं तक ये सिलसिला चलता रहता है। पूरा भुरकुंडा कोयलांचल आज अतिक्रमण की जद में है। छोटे साहेब से बात बनाइये, ढांचा खड़ा कीजिये और माल फरियाईये। सड़क, नाली, शमशान, शौचालय से लेकर यात्री पड़ाव तक समय के साथ लूट गए। आज खड़ी भव्य इमारतों को देखकर नई पीढ़ी कभी सोच भी न सकेगी कि इसकी बुनियाद में कभी कोई नाली हुआ करती थी। हाई स्कूल की जमीन पर कब्जे का सिलसिला नया नहीं है। बगल के मिडिल स्कूल और इस हाई स्कूल को बनाने में कभी लोगों ने दिन रात एक किए तो समय-समय पर इसको बचाने भी बहुतेरे लोगों ने आवाज उठाई। ऐसे लोगों को हमेशा एकतरफ प्रशासन से निराशा हुई वहीं दबंगों की तपिश झेलनी पड़ी। एकबार फिर किसी सामाजिक दबाव ने प्रशासन को नेहरू कन्या विद्यालय और हाई स्कूल के लिए जांच को मजबूर किया है। पर लगता है कि चांदी के जूते कुछ ज्यादा ही असर डाल रहे हैं। भुरकुंडा क्षेत्र का यह सबसे पुराना मैदान है। इसकी मिट्टी पर खेलते हुए कितनी पीढि़यां जवां हुई। चंद पैसों के लिए कुछ असामाजिक तत्व इसे खत्म कर देने को आतुर हैं। प्रशासन के आला अधिकारी के रूप में उपायुक्त और पुलिस कप्तान जिले के मालिक होते हैं। अपनी पीड़ा आम आदमी और कहां लेकर जाए। चिर निद्रा से जागिये हुजूर। बहुत नया कुछ न भी हो, तो पुरानी धरोहरों को तो हमसे न छीने।
वर्षों से चल रहा है भुरकुंडा में अतिक्रमण का खेल
भुरकुंडा कोयलांचल में अतिक्रमण नया चीज नहीं है। यह खेल वर्षों से चल रहा है। यहां सैंकड़ो एकड़ गैरमजरूआ जमीन अब रैयती बन गई है। इन जमीनों पर एक से एक आलीशान महल भी तैयार हो गए हैं। जानकार बताते हैं कि भुरकुंडा क्षेत्र में अधिकांश जमीन गैरमजरूआ ही था। जो धीरे-धीरे अतिक्रमण होकर एक नंबर का जमीन बन गया। अगर हाई स्कूल भुरकुंडा व नेहरू कन्या मध्य विद्यालय की जमीन पर भी प्रशासन पैनी नजर नहीं रखेगी तो सब जमीन धीरे-धीरे अतिक्रमित हो जाएगी।
---
स्कूल की जमीन बचाने आगे आए छात्र संघ
आजसू छात्र संघ ने रविवार को भुरकुंडा हाई स्कूल मैदान का निरीक्षण किया। मौके पर आजसू नेता विश्वरंजन सिन्हा ने कहा कि विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से ज्ञात हुआ है कि कुछ भू-माफिया विद्यालय के खेल मैदान को अतिक्रमण करने के प्रयास में जुटे हैं। आजसू छात्र संघ स्कूल की एक इंच जमीन पर भी अवैध कब्जा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि मामले को ले छात्र संघ सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग करेगा। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी जमीन को हड़पने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए आजसू छात्र संघ आरपार की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़ी सभी कागजातों को एकत्रित किया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो आजसू छात्र संघ आंदोलन भी करेगा।