सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर, किया सड़क जाम
जागरण संवाददाता रामगढ़ नईसराय-गिद्दी मार्ग पर सीसीएल अस्पताल कालोनी नईसराय के पास रविवार
जागरण संवाददाता, रामगढ़ : नईसराय-गिद्दी मार्ग पर सीसीएल अस्पताल कालोनी नईसराय के पास रविवार की शाम सात बजे एक अज्ञात ट्रक ने स्कूटी को पीछे से धक्का मार दिया। इससे घटनास्थल पर स्कूटी सवार छोटे भाई की मौत हो गई। जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान इफिको कॉलोनी शिव मंदिर के पास निवासी गौतम सिंह के 18 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार सिंह के रूप में हुई। जबकि बड़ा भाई 20 वर्षीय कुणाल सिंह के रूप में। कुणाल को सीसीएल केंद्रीय अस्पताल नईसराय में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रिम्स रेफर कर दिया। बताया गया कि मृतक के पिता ने शनिवार को ही नई स्कूटी खरीदी थी। नई स्कूटी पर सवार होकर दोनों भाई रामगढ़ से अपने घर लौट रहा था। स्कूटी को धक्का मारने के बाद ट्रक तेज रफ्तार से अरगड्डा की ओर भाग गया। रामगढ़ थाना पुलिस शव को कब्जे में कर लिया है। इधर, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क को जाम कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल कॉलोनी के आगे में रास्ता पूरी तरह से अंधेरा रहता है। शाम होते ही हमेशा यहां कुछ न कुछ घटनाएं भी होती रहती हैं। कोयला लदे भारी वाहन भी तेज रफ्तार से चलते हैं। लोग प्रशासन से मृतक के आश्रित को मुआवजा देने के साथ-साथ यहां रात को रोशनी की समुचित व्यवस्था देने की मांग कर रहे थे। इधर, घटना से परिवार सदमे में है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। लोग परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधा रहे थे।