विस्थापित मोर्चा के धरना स्थल पर लाठीचार्ज
संवाद सूत्र पतरातु थर्मल(रामगढ़) पीटीपीएस पोस्ट ऑफिस के निकट बुधवार से अपने अधिकार की।
संवाद सूत्र, पतरातु थर्मल(रामगढ़) : पीटीपीएस पोस्ट ऑफिस के निकट बुधवार से अपने अधिकार की मांग को लेकर विस्थापित प्रभावित संघर्ष मोर्चा के बैनर तले धरना जारी था। गुरुवार को पीवीयूएनएल प्रबंधन की पहल पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता हुई। घंटों चली वार्ता देर शाम विफल हो गई। विस्थापितों को उचित मुआवजा, रोजगार देने की मांग पर विस्थापित मोर्चा अड़ गया। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने रात के करीब नौ बजे लाठी चार्ज कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। लाठीचार्ज से कई विस्थापित घायल हो गए। कई विस्थापितों को अपनी बाइक छोड़कर भागने को मजबूर होना पड़ा। अनुमंडल पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से वहां धारा 144 लागू कर दिया है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे विस्थापित मोर्चा अध्यक्ष आदित्य नारायण ने बताया कि प्रबंधन द्वारा विस्थापितों की वजूद को भी मानने से इन्कार किया जा रहा है। इसके कारण विस्थापितों ने अगले चार दिनों तक अपने धरना जारी रखते हुए प्रबंधन पर पुनर्विचार का दबाव बनाया गया। गुरुवार की देर शाम वार्ता से लौटे विस्थापित प्रतिनिधियों ने मौके पर मौजूद विस्थापितों को वार्ता के दौरान हुई बातों से अवगत कराया। वार्ता में आजसू नेता रोशन लाल चौधरी, शिवलाल महतो, किशोर महतो, प्रदीप महतो, कुमेल उरांव, अलीम अंसारी आदि कई लोग मौजूद थे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में रामगढ़ एसडीओ कीर्तिश्री पतरातू एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो, पतरातू सीओ निर्भय कुमार, पतरातू सर्किल इंस्पेक्टर विपिन कुमार, पतरातू थाना प्रभारी दुर्गा शंकर मंडल समेत पीवीवीएनएल प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद थे। वार्ता से लौटने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने घोषणा करते हुए बताया कि रामगढ़ अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा कोरोना महामारी को देखते हुए धरनास्थल पर धारा 144 लागू कर दिया गया है। ऐसे में सभी विस्थापित 10 मिनट के अंदर धरना स्थल खाली कर दें। परंतु विस्थापित वहीं डटे रहे कुछ देर के नोक झोंक के बाद प्रशासन द्वारा विस्थापितों के ऊपर लाठी चार्ज कर वहां से खदेड़ा गया। उन्होंने कहा कि कल से विस्थापित मोर्चा का आंदोलन तेज होगा।