चुटुपालू घाटी में वाहन व बाइक से टकरा कर खाई में गिरा ट्रेलर, बाइक सवार की मौत
चुटूपालू घाटी फोरलेन पर रविवार की सुबह फिर एक ट्रेलर ।
जागरण संवाददाता, रामगढ़ : चुटूपालू घाटी फोरलेन पर रविवार की सुबह फिर एक ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया। नागपुर से मैगनीज लेकर गिरीडीह जा रहे तेज रफ्तार एक ट्रेलर का घाटी पहुंचते ही ब्रेकफेल हो गया। इससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक 709 वाहन को धक्का मार दिया। इससे रामगढ़ से रांची जा रहे बाइक सवार एक युवक 709 वाहन की चपेट में आ गया। ट्रेलर वाहन से टकराते हुए घाटी के करीब 50 फीट नीचे खाई में गिर गया। घटना में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान सुखदेवनगर, रांची में किराए में रहने वाले जितेंद्र साव(30) पिता धूरत साव है। वह रामगढ़ से मार्बल का काम कर बाइक से रांची लौट रहा है। मृतक बेरूसराय, बिहार का निवासी है। सूचना मिलते ही घाटी में गश्त लगा रहे रामगढ़ पुलिस का दल मौके पर घटनास्थल पहुंचा। 50 फीट नीचे खाई में गिरे ट्रेलर में दबे चालक व दो प्रवासी मजदूरों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। रांची से ईंट गिराकर बरकाकाना जा रहे 709 वाहन के घायल चालक व तीन मजदूरों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। हालांकि टर्बो पर सवार चार लोगों को हल्की चोट आई है। गंभीर रूप से घायल ट्रेलर चालक को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे रामगढ़ थाने के एसआई श्याम भगत ने बताया कि गश्ती के दौरान सूचना मिली कि घाटी में 709 वाहन व बाइक की टक्कर हुई है पहुंचने पर पाया कि 709 वाहन के नीचे बाइक सवार दबा हुआ था। एक अनियंत्रित ट्रेलर दोनों वाहनों को टक्कर मारने के बाद घाटी में खाई में गिर गया है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।