हेसला में 15 फीट गड्डे में गिरी कार, पुलिस कर्मी सहित दो घायल
अरगडा-नईसराय मुख्य सड़क के बीच हेसला मस्जिद के समीप बुधवार।
संवाद सूत्र, अरगडा (रामगढ़ ) : अरगडा-नईसराय मुख्य सड़क के बीच हेसला मस्जिद के समीप बुधवार को दिन के करीब एक बजे एक इंडिगो कार (जेएच01एजेड- 6370) अनियंत्रित होकर 15 फीट गड्डे में गिर कर दुर्घटनाग्ररत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार से अरगडा से रामगढ़ की ओर आ रही थी। अचानक हेसला मस्जिद के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में तीन व्यक्ति सवार थे। सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस व एंबुलेंस दुर्घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज कराने के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। घायलों में रामगढ़ जिला पुलिस बल का हवलदार डीके चंद्रा गभीर रूप से घायल है। वहीं दूसरा व्यक्ति राजेश शर्मा को भी चोट लगी है। जबकि कार मे सवार एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि चालक नशे में रहने के कारण यह दुर्घटना हुई है। घटनास्थल मे मौजूद लोगों ने बताया कि गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी। कार मे सवार सभी व्यक्ति नशे में धुत थे।