बैंगलुरू में चुंबा के दर्जनों फंसे दर्जनों मजदूरों को मुख्यमंत्री से वापस लाने की मांग
गिद्दी थाना क्षेत्र के चुंबा पंचायत के दर्जनों मजदूर लॉकडाउन ।
संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़) : गिद्दी थाना क्षेत्र के चुंबा पंचायत के दर्जनों मजदूर लॉकडाउन के कारण बैंगलोर में फंसे गए हैं। लॉकडाउन में फंसे मजदूर लगातार परिजन व अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधि से संपर्क कर वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं। इस संबंध में मांडू प्रखंड के बीस सूत्री उपाध्यक्ष राजेंद्र कुशवाहा उर्फ राजू ने बताया कि चुंबा पंचायत के रामेश्वर बैठा, हैका बैठा, रामसेवक बैठा, हरी बैठा, कमल बैठा, राजेश बैठा, कमली देवी समेत दर्जनों लोग बैंगलोर में मजदूरी करने गए थे। परंतु लॉकडाउन हो जाने से वे सभी फंस गए हैं। लॉकडाउन के कारण उनका काम भी बंद हो गया और काम कराने ले गया ठेकेदार भी मजदूरों को भोजन के लिए राशन देना बंद कर दिया है। परिणाम स्वरूप मजदूरों के समक्ष भोजन के अलावे अन्य कई समस्याएं खड़ी हो गई है। मजदूर लगातार झारखंड आने के लिए प्रयास कर रहे है। परंतु मजदूरों की बात कोई नहीं सुन रहा है। राजेंद्र कुशवाहा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बैंगलुरू में चुंबा के फंसे सभी मजदूरों को वापस लाने की ओर पहल करने की मांग की है। राजेंद्र कुशवाहा ने मामले की जानकारी हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा व मांडू विधायक जयप्रकाश भाई पटेल को भी अवगत कराकर सकारात्मक पहल करने की मांग की है।