दामोदर नदी में डूबने से रांची के दो नाबालिगों की मौत
Damodar river. झारखंड के रामगढ़ में दामोदर नदी में डूबने से रांची के दो नाबालिगों की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, रामगढ़। शहर के गोलपार इलाके के दामोदर नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबकर रांची के दो नाबालिगों की मौत हो गई। दोनों अपने माता-पिता के साथ अपने रिश्तेदार सुदामा राम के गाेलपार स्थित घर छट्ठी समारोह में भाग लेने के लिए आए हुए थे।
गोलपार में पानी की किल्लत होने के कारण दोनों बच्चे परिवार के अन्य बच्चों के साथ नहाने के लिए घर से करीब दो किमी दूर स्थित दामोदर में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान एक बच्चा व एक बच्ची गहरे पानी में जाकर डूब गया। अफरा-तफरी के माहौल में स्थानीय लोगों ने पानी में डूबे दोनों बच्चों को किसी तरह बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक बच्चों में रांची, सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चुनाभट्ठी, कुम्हार टोली निवासी उपेंद्र वर्मा का 11 वर्षीय पुत्र छोटन वर्मा तथा धर्म वर्मा के 12 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी शामिल है।
घटना के बाद गोलपार इलाके में कोहराम मच गया। सुदामा राम के घर में छठी की खुशियां गम में बदल गई। घटना की सूचना पाकर रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार व छावनी परिषद के उपाध्यक्ष अनमोल सिंह गाेलपार पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस दामोदर नदी स्थित घटनास्थल जाकर भी जांच-पड़ताल की। पुलिस ने स्थानीय लोगों के आग्रह पर दोनों नाबालिग के शव को पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया।