अलग-अलग सड़क हादसे में रजरप्पा थाने के सैप प्रभारी सहित दो की मौत, एक गंभीर
संवाद सूत्र रजरप्पा(रामगढ़) रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को दो अलग-अलग हादसे में
संवाद सूत्र, रजरप्पा(रामगढ़): रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को दो अलग-अलग हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना चितरपुर ओवरब्रिज के समीप शुक्रवार को हुई। सड़क दुर्घटना में रजरप्पा थाने में तैनात सैप इंचार्ज सूबेदार कामेश्वर ठाकुर 59 वर्ष की मौत हो गई। दूसरा सैप जवान संजय घोष घायल हो गया।
वहीं, दूसरी घटना रामगढ़ बोकारो मार्ग के मुरुबन्दा के समीप एक अज्ञात ट्रेलर ने एक बाइक जेएच 02एए7046 पर सवार चंदन कुमार सिंह को टक्कर मारते हुए फरार हो गया। उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वह हजारीबाग जिले के साकेत पुरी सदानंद रोड, सागर टोला निवासी के रहने वाले बृज मोहन सिंह का पुत्र था। चंदन श्रीराम फाइनेंस में कार्यरत था।
वहीं, पहली घटना में रजरप्पा थाने में तैनात सैप इंचार्ज सूबेदार कामेश्वर ठाकुर अपने एक अन्य सैप जवान संजय घोष के साथ मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस जेएल01डीएल-5317 से रामगढ़ से रजरप्पा थाने लौट रहे थे। इसी दौरान चितरपुर ओवरब्रिज के समीप तेज गति से बोकारो से रामगढ़ की ओर जा रहे एक ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें कामेश्वर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। संजय घोष गंभीर रूप से घायल हो गए। वह ट्रेलर में ही बुरी तरह से फंस गए थे।स्थानीय ग्रामीणों व जेसीबी की मदद से उन्हें बाहर निकाल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद रजरप्पा थाना प्रभारी बिपिन कुमार व चितरपुर बीडीओ उदय कुमार, सीओ तृप्ति विजया कुजूर सदल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। जिसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया। वही शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया गया। इधर, ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया गया है।