इस बार नहीं निकलेगी नगर में शोभायात्रा
दिलीप कुमार सिंह रामगढ़ शहर की सड़कों पर इस बार न तो आतिशबाजी होगी न ही पंजाब क
दिलीप कुमार सिंह, रामगढ़ : शहर की सड़कों पर इस बार न तो आतिशबाजी होगी, न ही पंजाब के गतका पार्टी का करतब दिखेगा। न ही भव्य श्री गुरुनानक देव जी की शोभायात्रा निकलेगी। यह सब करीब 45 साल बाद शहर के लोगों को देखने को नहीं मिलेगा। कोरोना संक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को शोभायात्रा निकालने का आदेश नहीं दिया। शहर में करीब 1940-41 ई. में श्री गुरुद्वारा साहिब का निर्माण किया गया था। उसके बाद से निरंतर दिन-ब-दिन गुरुद्वारा साहिब का आकार बढ़ता गया। आज वह शहर ही नहीं पूरे जिले की पहचान व शान है। उसके बाद करीब 1975 से श्री गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से भव्य शोभायात्रा, आतिशबाजी, पंजाब, हरियाणा से गतका पार्टी, अटूट लंगर, फूलों की वर्षा आदि विशेष आयोजन होते थे। साथ ही पूरे शहर में जल वर्षा, गुरु का दीवान, गुरुवाणी सुन लोग निहाल होते थे। वहीं गुरुद्वारा साहिब के साथ पूरे शहर को रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक रूप देकर सजाया जाता था। गुरुनानक देव जी की जयंती पर दस दिनों तक शहर की खूबसूरती और बढ़ जाती थी। गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान साहिब को सजाया जाता था। पंजाब के रागी जत्था गुरुवाणी कर लोगों को निहाल करते थे।
-------
गुरुद्वारा साहिब में होगा कार्यक्रम
श्री गुरुनानक जयंती पर श्री गुरुद्वारा साहिब में ही सभी कार्यक्रम होंगे। सादगी के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विशेष दीवान भी सजाया जाएगा, रागी जत्था गुरुवाणी करेंगे और लंगर भी होगा। यह सब कोरोना संक्रमण काल के कारण किया जा रहा है। उसके बाद भी सिख पंथ के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
--------
फोटो : 8
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए जा रहे प्रयास के साथ प्रबंधन कमेटी भी है। यह संकट काल भी टल जाएगा। गुरुनानक देव जी की जयंती पर शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। बाकी अन्य कार्यक्रम गुरुद्वारा साहिब में होगा।
-जगजीत सिंह सोनी
महासचिव, श्री गुरुद्वारा साहिब प्रबंधन समिति।