अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन की मौत, दो गंभीर
संवाद सहयोगी मेदिनीनगर (पलामू) जिले में अलग-अलग दुर्घटनाओं में सोमवार को तीन लोगों की म
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू) : जिले में अलग-अलग दुर्घटनाओं में सोमवार को तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत चियांकी में पिकअप वाहन की चपेट में आने से पिता की मौत हो गई व पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार चियांकी गांव निवासी 60 वर्षीय दुर्गा सिंह अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से सोमवार को अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच चियांकी पहाड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप वाहन की चपेट में आ गए। इससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तत्काल दोनों को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र की स्थिति गंभीर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया है।
वहीं चैनपुर प्रखंड के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह गांव के गम्हरिया टोला निवासी राजमुनी कोरवा का 18 वर्षीय पुत्र हरेंद्र कोरवा की मौत ट्रैक्टर से गिरने के कारण हो गई। घटना रविवार रात की है। सोमवार को शव का अंत्यपरीक्षण मेदिनी राय मेडिकल कालेज अस्पताल में कराया गया। जानकारी के अनुसार हरेंद्र कोरवा रविवार शाम सीमेंट लेकर मेदिनीनगर आया था। वह देर रात सीमेंट पहुंचाकर अन्य चार साथियों के साथ वापस लौट रहा था। इसी बीच रानीताल गांव में वह अचानक ट्रैक्टर से गिर गया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सोमवार की सुबह रामगढ़ पुलिस को इसकी जानकारी मिली। तत्काल पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जा में लेकर पहचान की। स्वजनों को घटना की सूचना दी गई और अंत्यपरीक्षण कराने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। इधर पांकी थाना क्षेत्र के नीमाचक पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को दो मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर हो गई। इसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तत्काल इलाज के लिए उसे मेदिनी राय मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के सिकनी गांव निवासी 21 वर्षीय नासिर अंसारी के रूप में हुई है। तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत पतीला गांव निवासी गिरेंद्र सिंह के घायल पुत्र उज्जवल सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सक ने नासिर को मृत घोषित कर दिया। उज्जवल को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर किया। घटना की जानकारी मिलते ही पांकी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों मोटरसाईकिल को कब्जे में ले लिया।