पलामू में दो समुदायों के बीच झड़प, 13 घायल
Tension in palamu. झारखंड के पलामू में दो समुदायों के बीच झड़प में 13 घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संसू, सतबरवा (पलामू)। सतबरवा थाना क्षेत्र के बारी गांव में रविवार को रामनवमी का झंडा लगाने के दौरान दो समुदायों के लोगों के बीच जमकर मारपीट के बाद तनाव की स्थिति है। मारपीट में दोनों ओर से 13 लोग घायल हो गए हैं। तनाव को देखते हुए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम नंद किशोर गुप्ता, डीएसपी भोला प्रसाद सिंह, थाना प्रभारी रूपेश कुमार दुबे, समेत पुलिस बल के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और मामला संभाला। घायलों को नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी रूपेश कुमार दुबे ने बताया कि मारपीट में घायल मुनेश्वरी देवी, छेदी साव, केदार साव, त्रिवेणी साव का इलाज नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में हो रहा है। इनके अलावा शंखनाद साव, निकलेश साव, शमीम खान, अयान खान, नाथू साव, सुशीला देवी, सत्येंद्र साव, तारक खान, दानिश भी घायल हुए हैं। इन सबका स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है। इधर, मामले को सुलझाने और शांति व सौहार्द कायम करने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर बैठक हुई। इसमें मुखिया रामाशीष सिंह, भाजपा अजजा प्रदेश मंत्री अवधेश सिंह चेरो ,भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, सांसद प्रतिनिधि मनीष कुमार, 20 सूत्री अध्यक्ष रवि प्रसाद, विवेका त्रिपाठी, राहुल मेहता समेत कई लोग मौजूद थे।
यह है मामला
गांव की महिला हाजरा बीबी का कहना है कि दोपहर बाद अचानक 200 लोग पारंपरिक हथियार से लैस होकर व नारा लगाते हुए गांव में घुसे और मस्जिद के पास रुक गए। इसके बाद कुछ लोगों से उनकी बहस हुई और दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए।
गांव में बिना सूचना के अचानक काफी लोगों का जाना व उसके बाद मारपीट की घटना की जांच की जाएगी। गांव में एसडीएम, डीएसपी व पुलिस बल पहुंच गए हैं। किसी को डरने व घबराने की जरूरत नहीं है। दोषी लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
- इंद्रजीत माहथा, एसपी, पलामू।