पलामू के बोहिता गांव में 8 दिनों में 6 की मौत
पलामू के बोहिता गांव में आठ दिनों में छह की मौत हो गई।
संवाद सूत्र, सतबरवा : सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के बोहिता गांव में 8 दिनों में 6 लोगों की मौत हो गई। इससे बोहिता गांव में मातम छा गया है। इसकी सूचना मिलते ही पलामू के सिविल सर्जन डॉ. जॉन ऑफ कनेडी ने रविवार को लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार रंजन के नेतृत्व में एक स्वास्थ्य जांच टीम बोहिता भेजी।
जानकारी के अनुसार स्वर्गीय गिरवर यादव की दो बेटी 18 वर्षीय संगीता कुमारी व 14 वर्षीया सविता कुमारी , सतन राम के 18 वर्षीय पुत्र मिथिलेश राम व करम भुइयां के 9 वर्षीय पुत्र गोविद भुइयां समेत 55 वर्षीय धीरू सिंह व 50 वर्षीय नारायण सिंह की 8 दिनों के भीतर मौत हो गई। विनय यादव ने बताया कि गुरुवार को गिरिवर यादव की बेटी संगीता की मौत रांची ले जाने के दौरान हो गई थी। छोटी बेटी सविता कुमारी को शनिवार को बुखार लगा। उसे खून की उल्टी हुई। तत्काल उसे मेदिनीनगर नारायणा अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया। रांची स्थित देव कमल अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को मृतक सविता कुमारी का दाह संस्कार किया गया।
गांव वालों को शक है कि दोनों बहन की मौत का कारण चमकी बुखार हो सकता है। इधर, पलामू के सीएस जॉन ऑफ कनेडी ने डॉ. राजीव कुमार रंजन के नेतृत्व में एक टीम भेजी है। यह टीम मृतक के घरों में जाकर मौत संबंधित जांच की है। डॉ. राजीव कुमार रंजन ने मृतका की मां के अलावे कई अन्य ग्रामीण की जांच के लिए खून का नमुना लिया है। डॉ. रंजन ने बताया कि इस क्षेत्र में चमकी बुखार जैसा कोई रोग नहीं है।
-------------------
बाक्स :सतबरवा प्रखंड व लेस्लीगंज थाना अंतगर्त बोहिता गांव में सभी 6 लोगों की मौत अलग-अलग बीमारियों से हुई हैं। इसमें दो लोगों की मौत रांची और दो की मौत तुम्बागाड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है। घटना की जानकारी मिलने के तत्काल बाद गांव में मेडिकल टीम भेजी गई थी। गांव की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। गांव में सभी का रक्त जांच कराएंगे।
डा जॉन एफ कनेडी, सिविल सर्जन, पलामू।