विपक्ष जनता को कर रहा है दिग्भ्रमित: रविद्र राय
भारतीय जनता पार्टी मतदाताओं को किए गए कार्यों के बारे में बताएगी ताकि जनता विपक्ष के झांसे में नहीं आए। कहा कि झारखंड में विपक्ष अपना रोजगार ढूंढ रही है।
संवाद सूत्र, मेदिनीनगर : झारखंड में विपक्ष जनता को गुमराह कर रही है। विपक्ष झारखंड की एक समस्या बन गई है ।जो रोजगार और विकास में बाधक बन रही है। उक्त बातें झारखंड के भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविद्र राय ने कही। वे शुक्रवार को स्थानीय परिसदन में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। कहा कि झारखंड राज्य निर्माण के बाद 14 वर्षों तक अस्थिरता का माहौल था। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार ने पांच वर्षों में झारखंड के विकास को गति दिया है। कहा कि झारखंड में सभी लोगों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष लाभ दिया गया है। श्री राय ने कहा कि हर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना शौचालय स्वास्थ्य बीमा उज्ज्वला योजना के तहत लाभ दिया गया है। कहा कि भारतीय जनता पार्टी मतदाताओं को किए गए कार्यों के बारे में बताएगी। इससे जनता विपक्ष के झांसे में नहीं आएगी। कहा कि झारखंड में विपक्ष अपना रोजगार ढूंढ रही है। विपक्ष दूसरे का बेरोजगारी दूर कभी नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में विपक्ष जातिवाद क्षेत्रवाद पैदा करना चाहती है, ताकि झारखंड की राजनीति स्थिर नहीं रहे। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार के कार्यकाल में झारखंड में कानून व्यवस्था में सुधार आई है। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, उपमहापौर मंगल सिंह, प्रेम सिंह, दुर्गा जौहरी आदि उपस्थित थे।