दो महीने से नहीं बंटा राशन, लाभुकों ने किया हंगामा
संवाद सूत्र लेस्लीगंज (पलामू) प्रखंड के उड़हुलिया गांव में उजाला स्वयं सहायता समूह का संचालित
संवाद सूत्र लेस्लीगंज (पलामू) : प्रखंड के उड़हुलिया गांव में उजाला स्वयं सहायता समूह का संचालित जन वितरण की दुकान पर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। कारण था दो माह से जन वितरण के लाभुकों को डीलर ने राशन व केरोसिन नहीं दिया जाना। लाभुकों ने आरोप लगाया कि राशन की कालाबाजारी कर दी गई है। इस कारण माह अक्टूबर व नवंबर का राशन नहीं दिया जा रहा है। मांगने पर डीलर कहता है कि जहां जाना है जाओ, नहीं देंगे समान। लाभुकों ने कहा कि अक्तूबर माह का केंद्र व राज्य दोनों का व नवंबर माह का राशन डीलर ने नहीं दिया है। इस मामले को ले लगभग पांच दर्जन लाभुकों ने डीएसओ को लिखित शिकायत पत्र दिया है। इसके बावजूद लाभुकों को आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। इसके बाद लाभुकों का आक्रोश बढ़ गया। रविवार को बड़ी संख्या में लाभुक जनवितरण दुकान का घेराव किया। साथ ही जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर स्थानीय मुखिया गुड्डी देवी, विधायक प्रतिनिधि लाला प्रसाद यादव, भाकपा माले के मनीष विश्वकर्मा, झारखंड राज्य रसोईया संघ के जिला सचिव अनीता देवी दुकान पर पहुंचे। मामले का संज्ञान लेते हुए मुखिया व विधायक प्रतिनिधि ने राशन का वितरण शुरू करवाया। हंगामा करने वालों में जनवितरण के लाभुक पारो देवी, दुलारी देवी, गुलबास कुवर, उर्मिला देवी, अरुणा देवी, सुशीला देवी, जितनी देवी, किस्मती देवी, मनिया देवी, शीला देवी, फूलमती कुवर, सरिता देवी, सुनैना देवी, केसरी देवी, मानमती देवी, गुड्डी देवी, लीलावती देवी समेत बड़ी संख्या में लाभुक शामिल थे। बाताते चलें कि उजाला स्वयं सहायता समूह का अनुज्ञप्ति संख्या 19/20 09 है। समूह के अंतर्गत कुल 104 कार्डधारी लाभुकों को जोड़ा गया है। रजिस्टर की जांच में पाया गया कि 26 लाभुकों को राशन दिया गया था। बाकी को नहीं दिया गया था। ये सभी पिछले दो माह से अपने राशन को लेकर डीएसओ का दरवाजा तक खटखटा चुके थे। जन वितरण दुकान के अध्यक्ष दुलारी देवी ने बताया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने 6 दिसंबर से राशन वितरण करने का निर्देश दिया था इस कारण राशन का वितरण नहीं किया गया था।
बाक्स : जांचकर डीलर के विरुद्ध की जाएगी कार्रवाई : एमओ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लक्ष्मीकांत लोहरा ने कहा कि राशन वितरण से निर्देश संबंधित डीलर से कोई बात नहीं हुई है। 2 महीने से राशन वितरण नहीं हुआ उन्हें इसकी भी जानकारी नहीं है। 6 दिसंबर से दिसंबर माह का राशन वितरण करना है ना कि पिछले माह का। रेगुलर का राशन महिना आने के पूर्व ही डीलर को अग्रिमि मुहैया करा दिया जाता है। डीलर ने ससमय राशन वितरण नहीं किया है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।