नहीं खुला धानक्रय केंद्र, दस रुपये किलो धान बेच रहे किसान
संवाद सूत्र लेस्लीगंज (पलामू) झारखंड सरकार ने बिरसा जयंती सह राज्य स्थापना दिवस 15 नवंबर से ध
संवाद सूत्र, लेस्लीगंज (पलामू):
झारखंड सरकार ने बिरसा जयंती सह राज्य स्थापना दिवस 15 नवंबर से धान क्रय केंद्र से किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदने की घोषणा की थी। बावजूद जिले में अधिकतर धानक्रय केंद्र नहीं खुला है। ऐसे में रबी फसल की तैयारी के लिए किसान स्थानीय साहूकारों से दस-साढ़े दस रुपये किलो धान बेचने को मजबूर हैं। लेस्लीगंज के कोर्ट खास पैक्स भवन में बनाया गया धान अधिप्राप्ति केंद्र अब तक नहीं खुला है। इससे लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के किसान अपनी मेहनत से उपज किए धान को औने पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं। सरकार धान अधिप्राप्ति केंद्र नहीं खोल सकी है, इस कारण स्थानीय साहूकारों से 10 रुपये से 10.50 रुपये प्रति किलो धान बेचने को किसान मजबूर हैं। वह भी समय पर धान नहीं ले रहे हैं। पहाड़ी कला के किसान विजय कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह आदि ने बताया कि रबी फसल बुआई का समय आ गया है। धान बेचकर ही रबी फसल का खेती की जाती है। धान नहीं बिकने से रबी फसल भी प्रभावित हो रहा है। मालूम हो कि पलामू के उपायुक्त के ज्ञापांक 1811 तिथि 18 नवंबर.2020 के तहत पलामू जिला के सभी धान अधिप्राप्ति केंद्रों के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। लेस्लीगंज के कोर्ट खास पैक्स धान अधिप्राप्ति केंद्र के लिए जनसेवक ललन कुमार व प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी लक्ष्मीकांत लोहरा को प्रतिनियुक्त किया गया है। अधिप्राप्ति केंद्र पर भंडारण, रखरखाव व सुरक्षा आदि की जांच प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी करेंगे। अधिप्राप्त किए धानों का लेखा एवं अन्य जिम्मेवारी प्रतिनियुक्त जनसेवक की होगी। बाक्स: एफसीआइ से अब तक नहीं आए हैं कर्मी : बीडीओ लेस्लीगंज बीडीओ सुशील कुमार राय ने बताया कि धान अधिप्राप्ति केंद्र को लेकर प्रखंड स्तर पर तैयारी पूरी है। बावजूद एफसीआइ से अब तक कोई कर्मी की प्रतिनियुक्ति नहीं हुई है। एफसीआइ से कर्मी आते ही धान अधिप्राप्ति केंद्र से किसान से धान लेने का काम शुरू करा दिया जाएगा। बाक्स: एफसीआइ के कारण केंद्र खुलने में हो रहा है विलंब : सहकारिता पदाधिकारी लेस्लीगंज कोर्ट खास पैक्स में बनाया गया धान अधिप्राप्ति केंद्र के लिए प्रतिनियुक्त प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी लक्ष्मीकांत लोहरा ने बताया कि एफसीआई के कारण केंद्र खुलने में विलंब हो रहा है। दो दिन पूर्व एफसीआई से गोदाम देखने के लिए फोन आया था। परंतु वहां से देखने कोई नहीं आया है। उम्मीद है कि इस सप्ताह के अंदर अधिप्राप्ति केंद्र खुल जाएगा।