झारखंड में पलामू-चतरा सीमा पर नौ शक्तिशाली बम बरामद
झारखंड में पुलिस टीम ने पलामू-चतरा के सीमावर्ती क्षेत्र के रहरिया जंगल से नौ शक्तिशाली बम बरामद किया।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। भाकपा माओवादियों के खिलाफ चलाए गए संयुक्त अभियान में पुलिस टीम ने मंगलवार की सुबह पलामू-चतरा के सीमावर्ती क्षेत्र के रहरिया जंगल से नौ शक्तिशाली बम बरामद किया। सभी बम चट्टानों के दरार में छिपाकर रखे गए थे। इस तरह सुरक्षा बलों पर हमले की नक्सलियों की योजना विफल हो गई। बाद में सीआरपीएफ व झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते ने सभी बमों को विस्फोट कर नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पलामू एसपी इंद्रजीत महथा के निर्देश पर अभियान एसपी अरुण कुमार सिंह सीआरपीएफ बटालियन 134 व पुलिस बल के साथ नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पुलिस दल चतरा जिला के प्रतापपुर थाना के रहरिया गांव पहुंचा। यहां मिले इनपुट के आधार पर पहाड़ी पर चट्टानों की दरार में छुपाया गया बम बरामद हुआ। बरामद किए गए मात्र एक बम से किसी बड़े वाहन को उड़ाया जा सकता था।
पुलिस के बताया कि यह पलामू जिले के चक पिकेट से लगभग तीन किलोमीटर दूर बिहार से सटा हुआ नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। इसी क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने गत दिनों नक्सलियों के बंकर में छुपाए पांच रायफल व 150 जिंदा कारतूस बरामद किए थे।