चैनपुर में महिला की हत्या का खुलासा, देवर व देवरानी गिरफ्तार
पलामू चैनुपर पुलिस ने थाना क्षेत्र के गरदा निवासी पूनम देवी की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। इसमें रविवार को मृतिका के देवर व देवरानी को सतबरवा थाना से गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी सदर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने सोमवार को दी है।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर: चैनुपर पुलिस ने थाना क्षेत्र के गरदा निवासी पूनम देवी की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। इसमें रविवार को मृतिका के देवर व देवरानी को सतबरवा थाना से गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी सदर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने सोमवार को दी है। बताया कि पैतृक जमीन को लेकर विगत काफी समय से चल रहे विवाद को लेकर महिला के देवर विष्णु पासवान ने अपनी पत्नी मीना देवी व साला गजन के साथ मिल गला दबाकर पूनम देवी की हत्या कर दी थी। साथ ही इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए घर पटवट के उपर कड़ी में उसी के साड़ी के सहारे टांग दिया गया था। इस मामले में मृतिका के भाई तरहसी निवासी ब्रजकिशोर कुमार के आवेदन पर विगत 26 जनवरी को विष्णु पासवान, मीना देवी व अज्ञात के विरूद्ध मामला दर्ज कराया गया था। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों फरार हो गए थे। लेकिन एक सूचना के आधार रविवार को दोनों सतबरवा स्थित सोमर साव के घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिसिया पूछताछ में विष्णु ने हत्या में अपनी संलिप्ता स्वीकार कर ली है। एसडीपीओ ने बताया दोनों पति-पत्नी पहले भी एक मामले में जेल जा चुके है। बाक्स: सलतुआ में वाहन लूट के मामले में दो गिरफ्तार
मेदिनीनगर: चैनुपर थाना क्षेत्र के सलतुआ जंगल से विगत लूटी गई स्विफट डिजायर कार के मास्टर माईंड व उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि विगत 21 जून को रांची से डालटनगंज जाने के लिए एक स्विफट डिजायर कार भाड़े ली गई थी। इसी क्रम में सलतुआ जंगल पहुंचने पर कार को लूट लिया गया था। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ-काराकाट रोड से लावारिश स्थिति में बरामद कर लिया गया था। लेकिन अपराधी फरार भागने में सफल हो गए थे। बाद में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रविवार को रांची के बरियातु थाना क्षेत्र से मुख्य आरोपी निशांत कुमार सिंह व स्थानीय बारालोटा से आलोक राज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आलोक के पास से कार की चाभी भी बरामद कर ली। पुलिस के समक्ष पूछताछ में निशांत ने बताया कि एक योजना के तहत चालक को चाकू दिखा कर वाहन की लूट की गई थी। पुलिस टीम में सदर एसडीपीओ सहित पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन साही, थाना प्रभारी सुनित कुमार, अन्य अधिकारी व कर्मी शामिल थे।