डायन बता वृद्धा को अधमरा करने के मामले में 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
मेदिनीनगर : जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा गांव में डायन बिसाही का आरोप लगाकर कई लोगों न
मेदिनीनगर : जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा गांव में डायन बिसाही का आरोप लगाकर कई लोगों ने एक वृद्धा की जमकर पिटाई कर दी। उसे अधमरा कर घर के बाहर फेंक दिया। घायल वृद्धा की पहचान नवादा गांव निवासी सैरून बीबी के रूप में की गई। परिजनों ने पुलिस के सहयोग से पहले पाटन व बाद में इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना रविवार की है। वृद्धा के परिजनों ने इस प्रकरण में नौ लोगों के खिलाफ पाटन थाना में मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद 36 घंटा गुजर गए। इसके बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में नाकाम है।
सदर अस्पताल में भर्ती सैरून व उसके परिजनों से बातचीत की गई। सैरून के पुत्र याकूब अंसारी ने बताया कि वह मजदूरी कर अपना घर चलाता है। वह सुबह-सुबह जलावन के लिए लकड़ी लेने के लिए जंगल गया था। उसकी मां घर से नाश्ता करने के बाद पास में अपनी बेटी मुन्नी खातून के घर जा रही थी। रास्ते में घात लगाकर बैठे कई लोगों ने उनकी मां को बंधक बनाकर अपने घर के निकट ले गए। इसके बाद लाठी-डंडा व बेलन से जमकर पिटाई की। घर से निकलने के करीब डेढ़ घंटे बाद एक बच्चा घर आया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बताया गया कि पिटाई करने के बाद उन्हें मृत समझकर घर के बाहर फेंक दिया गया है। याकूब ने बताया कि तत्काल इसकी सूचना पाटन थाना को दी गई। देखा कि घर के बाहर उनकी मां बेहोशी की हालत में पड़ी हैं। पुलिस के सहयोग से उसे पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
गंभीरावस्था देखते हुए चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मेदिनीनगर रेफर कर दिया। भर्ती होने के कारण 24 घंटे में घायल महिला की तबीयत में काफी सुधार हुआ है। वृद्धा की बहु तैबुन बीबी ने बताया कि मारपीट के कारण आंख में चोट आई हैं। चिकित्सकों ने बताया कि आंख फूटी नहीं है। बेलन से हुई पिटाई के कारण वृद्ध महिला का दांत टूट गया है। इन लोगों को बनाया गया है नामजद आरोपित पाटन, पलामू : पाटन थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी वृद्धा सैरून बीबी के साथ डायन बिसाही के मामले में कई लोगों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में सैरून के पुत्र अजीम मियां उर्फ एकबाल के बयान पर पाटन थाना में मामला दर्ज किया गया है। इसमें नौ व्यक्तियों के खिलाफ डायन बिसाही प्रतिषेध अधिनियम तथा हत्या करने की कोशिश के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि अलीजामा मियां, उसके दो पुत्र हकीम मियां, अजीम मियां, नईम अंसारी, छोटू अंसारी, नैगुन बीबी, बीमार इमामउद्दीन की बेटी साजिदा बीबी, उनकी पत्नी समेत हाकीम अंसारी की पत्नी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस उक्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। फिलहाल सभी आरोपी घर से फरार हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बाक्स..युवक को हुआ कैंसर तो वृद्धा का क्या कुसूर
मेदिनीनगर : नवादा गांव निवासी मो. अलीजाम के 32 वर्षीय पुत्र इमामुद्दीन कैंसर रोग की चपेट में आ गए हैं। गुटखा खाने के कारण उसे कैंसर हुआ है। हालांकि उनके परिजनों का मानना है कि सैरून डायन है और उसी के कारण इमामुद्दीन को कैंसर हुआ है। यही कारण है कि इमामुद्दीन के परिजनों ने सैरून बीबी पर जानलेवा हमला किया। बहरहाल, अंधविश्वास में अब भी लोग जान लेने और देने के लिए तैयार हैं। डायन प्रथा के खिलाफ लोगों को जागरूक करने की दिशा में सरकार व निजी स्तर पर कई तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। बावजूद लोगों में अब भी जागरूकता का अभाव है। बाक्स.. घायल वृद्ध महिला की आंखें नहीं फूटी : थानेदार मेदिनीनगर : पाटन थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने कहा कि नवादा गांव की वृद्ध महिला शैरून बीबी की पिटाई हुई है। उनकी आंखें नहीं फूटी हैं। महिला सभी को देख पहचान रही है। इस मामले में नौ व्यक्तियों के खिलाफ डायन बिसाही प्रतिषेध अधिनियम व हत्या करने की कोशिश करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।