282 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव, 14 लोगों को किया क्वारंटाइन
पलामू सीमा सील होने के बाद भी 22 लोग पहुंचे पलामू 447 लोगों का गया स्वेब सैंपल।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर : संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ी है। पुलिस के अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय है। सीमा सील रहने के बावजूद हर दिन लोग पलामू पहुंच रहे हैं। मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में 22 लोग पहुंचे। बोर्डर पर तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम के अलावा नजदीकी अस्पताल में बाहर से लौटने वाले लोगों की स्क्रीनिग की गई। 22 लोगों को 14 दिन के सरकारी क्वारंटाइन पर भेजा गया है। पलामू में कुल 2172 सरकारी, 7837 होम व विदेशों से आए 328 लोगों सहित 10337 लोगों की क्वारंटाइन समयावधि पूरी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि की है। इधर अब तक पलामू में कुल 12810 लोगों की स्क्रीनिग की हुई। अब भी 1983 होम व 457 लोग सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती हैं। अब तक पलामू में कोरोना संक्रमण का एक भी मरीज नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर कोरोना जांच के लिए लैब में अब तक 447 लोगों का स्वेब ब्लड सैंपल भेजा जा चुका है। इसमें 282 लोगों की रिपोर्ट आ गई। सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। पलामू के सिविल सर्जन डा जॉन एफ केनेडी ने बताया कि कोरोना संक्रमण रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। अब तक 282 लोगों की आई सभी रिपोर्ट निगेटिव हैं।