189 लोगों को मिली छुट्टी, सात संक्रमित समेत 52 वार्ड में भर्ती
4315 लोगों का स्वाब जांच सैंपल भेजा गया।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर : वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण को लेकर हर स्तर पर प्रशासन सतर्क है। संपूर्ण लॉकडाउन के कारण लोग अपने-अपने घरों में हैं। सीमाएं सील हैं। बावजूद स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग व जिला प्रशासन कोरोना के खिलाफ जंग में योद्धा की भूमिका में है। सीमाएं सील होने के बावजूद हर दिन दर्जनों प्रवासी पलामू लौटे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रियता दिखाते हुए सीमा पार करने वाले लोगों की स्क्रीनिग कर रही है। पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल व अनुमंडल अस्पताल समेत तमाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर फोर आइसोलेशन वार्ड की स्थापना की गई है। संदिग्धों की पहचान अब तक यहां 241 लोगों को भर्ती कराया गया। हालांकि कोरोना की पुष्टि नहीं होने के कारण 189 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। अब भी हुसैनाबाद में छतरपुर में सात, हुसैनाबाद में नौ और पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वार्ड में 36 लोग भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो पलामू के अलग-अलग क्षेत्रों से 4315 संदिग्धों की पहचान हुई। रेपिड टेस्टिग किट से 995 और स्वाब सैंपल के माध्यम से 3320 लोगों की जांच की गई। इसमें 3989 लोगों रिपोर्ट निगेटिव आई है। शेष रिपोर्ट आने का इंतजार है। इधर, 328 विदेशों से आए लोगों के अलावा होम क्वारंटाइन में 12056 और सरकारी क्वारंटाइन में भर्ती 2687 लोगों की समयावधि पूरी हो गई है। अब 7255 लोग होम क्वारंटाइन व 2615 लोग सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में हैं। पलामू में अब तक 15 कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई थी। स्वास्थ्य विभाग की कड़ी लगन के बदौलत आठ संक्रमित स्वस्थ होकर घर चले गए। अब महज सात संक्रमित ही सक्रिय है। उनका भी आइसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा है। पलामू के सिविल सर्जन डा जॉन एफ केनेडी ने बताया कि शेष सात संक्रमितों का उपचार चल रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही वे लोग भी स्वस्थ हो जाएंगे और पलामू कोरोनामुक्त होगा।