शहरी जलापूर्ति योजना से जल्द मिलेगा पानी
लंबे समय से अधूरे पाकुड़ शहरी जलापूर्ति योजना का कार्य चल रहा है।
शहरी जलापूर्ति योजना से जल्द मिलेगा पानी
संवाद सहयोगी, पाकुड़ : लंबे समय से अधूरे पाकुड़ शहरी जलापूर्ति योजना का कार्य चल रहा है। काफी संघर्ष के बाद बंगाल के चांदपुर पुठीमारी में गुरुवार को निर्माणाधीन शहरी जलापूर्ति योजना के प्रमुख स्थल चांदपुर गंगा के निकट इंटकवेल के ढलाई का कार्य प्रारंभ हुआ। नगर परिषद अध्यक्ष संपा साहा ने गुरुवार को इसका निरीक्षण किया। संपा साहा ने बताया कि नगर परिषद जनता को शहरी जलापूर्ति योजना का पानी पहुंचाने के लिए कृत संकल्पित है। पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। परियोजना प्रबंधक शैलेन चक्रवर्ती ने बताया कि ढलाई कार्य संपन्न होने के बाद गंगा नदी से पाइप को इंटकवेल से जोड़ा जाएगा। साथ ही विद्युत आपूर्ति का कार्य भी उसी क्रम में किया जाएगा। पेयजल व स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता दिनेश मंडल ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने का कार्य हो रहा है। बहुत जल्द ही उस कार्य को भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इस मौके पर स्थल प्रभारी पंकज शर्मा, परियोजना प्रबंधक शैलेन चक्रवर्ती, पार्षद राणा ओझा, अशोक प्रसाद, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, सुशील साहा, पंचानन यादव आदि मौजूद थे।