संविधान के अनुपालन का लिया संकल्प
जागरण टीम पाकुड़ संविधान दिवस हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है। 26 जनवरी 1950 को भार
जागरण टीम, पाकुड़ : संविधान दिवस हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू होने से पहले 26 नवंबर 1949 को इसे अपनाया गया था। सरकार ने 19 नवंबर 2015 को राजपत्र अधिसूचना की सहायता से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में घोषित किया था। यह बातें उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने गुरुवार को संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही। डीसी कार्यालय में उपायुक्त के नेतृत्व में अधिकारियों व कर्मचारियों ने संविधान द्वारा दिए अधिकारों व दायित्वों का ईमानदारी से अनुपालन करने का संकल्प लिया। जिला व प्रखंड के सभी सभी कार्यालयों में संविधान दिवस मनाया गया।
उप विकास आयुक्त अनमोल कुमार सिंह ने कहा कि यह हमारा सर्वोच्च राष्ट्रीय दायित्व है कि हम अपने व्यक्तिगत और सामुदायिक जीवन में संविधान की भावना के प्रति ईमानदार रहे। हमें अपने व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी बनाए रखनी चाहिए, संवैधानिक निकायों और प्रक्रियाओं का सम्मान होना चाहिए।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राधे श्याम प्रसाद, स्थापना उप समाहर्ता राजीव रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक दुर्गानंद झा,जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रामप्रवेश कुमार, जिला योजना पदाधिकारी चंद्र भूषण तिवारी,जिला पंचायती राज पदाधिकारी महेश राम समेत अन्य उपस्थित थे। वहीं जिला खनन कार्यालय में डीएमओ उत्तम कुमार विश्वास ने कर्मचारियों के साथ संविधान के अनुपालन का संकल्प लिया।
प्रखंडों में भी कर्मियों को दिलाई गई शपथ
संविधान दिवस पर पाकुड़ सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अंचलाधिकारी आलोक वरण केसरी, लिट्टीपाड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बीडीओ संजय कुमार,अमड़ापाड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बीडीओ निशा कुमारी, अंचलाधिकारी मो. सफीक, पाकुड़िया प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बीडीओ मिथिलेश चौधरी,महेशपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बीडीओ उमेश कुमार, अंचलाधिकारी रितेश जयसवाल आदि ने अधिकारियों व कर्मियों को संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों - दायित्वों का अनुपालन करने का संकल्प दिलाया।