लाठी से पीट सास का हाथ तोड़ा, ग्रामीणों ने दामाद को पेड़ से बांधा
हिरणपुर (पाकुड़) हिरणपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में मंगलवार को बिदाडीह निवासी ह
हिरणपुर (पाकुड़) : हिरणपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में मंगलवार को बिदाडीह निवासी हराधन सोरेन ने अपनी सास सोना किस्कू (75) को लाठी से पीटकर जख्मी कर दिया। सोना का दाहिना हाथ टूट गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दामाद हराधन को पेड़ से बांध दिया। सूचना पर एएसआइ उपेंद्र यादव दलबल के साथ पहुंचे हराधन को हिरासत में लिया। जख्मी महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
हराधन की शादी सोना की एकमात्र पुत्री मालोती मुर्मू के साथ हुई थी। आपसी विवाद के कारण दोनों के संबंध में खटास आ गया। वैवाहिक संबंध टूट गया। इसके बाद हराधन बिदाडीह स्थित अपने घर पर रहने लगा। इसके पूर्व वह ससुराल में घर जमाई बनकर रहता था। हराधन के बच्चे मालोती के साथ रह रहा है। घटना के दिन अचानक हराधन ससुराल पहुंचा और झगड़ा करने लगा। ससुराल के मवेशियों को खोलकर ले जाने लगा। सास सोना ने मवेशी ले जाने का विरोध किया तो हराधन ने लाठी से पीटकर उसका हाथ तोड़ दिया। ग्रामीणों ने उसे पेड़ में बांधकर पुलिस को सूचना दी। ग्राम प्रधान रामेश्वर मुर्मू ने बताया कि दामाद हमेशा नशे की हालात में घर में पत्नी व सास के झगड़ा करता रहता था। इस कारण पति-पत्नी अलग-अलग रहने लगे थे। थाना प्रभारी बृजमोहन राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।