मधुपुर उपचुनाव में सक्रिय रहें सोशल मीडिया समन्वयक
जागरण संवाददाता पाकुड़ झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव के
जागरण संवाददाता, पाकुड़ : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव के निर्देशानुसार शुक्रवार को संतालपरगना के सभी सोशल मीडिया समन्वयकों के साथ राज्य सोशल मीडिया समन्वयक गजेंद्र सिंह ने ऑनलाइन बैठक की। राज्य सोशल मीडिया समन्वयक ने मधुपुर उपचुनाव को लेकर संताल के सोशल मीडिया समन्वयकों को आवश्यक निर्देश दिया। ऑनलाइन बैठक में पाकुड़ जिला के सोशल मीडिया समन्वयक नलिन मिश्रा भी शामिल हुए
ऑनलाइन बैठक में गजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा द्वारा भ्रामक एजेंडा फैलाया जा रहा है। भाजपा ने इस उपचुनाव के बाद राज्य में सरकार गठन की बात कही है। भाजपा लोगों में भ्रम फैलाने का काम कर रही है। मधुपुर उपचुनाव में बीजेपी की हार निश्चित है। अपनी हार को सामने देख भाजपा बौखला गई है। राज्य में भाजपा द्वारा सरकार गठन की बात सरासर भ्रामक है। राज्य समन्वयक ने सभी जिला समन्वयकों को निर्देश दिया गया कि मधुपुर उपचुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी हफीजुल हसन के पक्ष में सोशल मीडिया में गतिविधियों को तेज करना है। हम सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार द्वारा कृषि कर्ज माफी, लाखों लोगों तक राशन और राशनकार्ड की व्यवस्था, सरना धर्म कोड को विधानसभा से पास करना, मनरेगा में मजदूरी बढ़ाना जैसे किए गए ऐतिहासिक कामों को लोगों तक पंहुचा रहे हैं।