आपसी रंजिश में मारा चाकू, गंभीर
संवाद सूत्र हिरणपुर (पाकुड़) शुक्रवार की रात लखनपुर गांव में आपसी रंजिश में मनिरुल अ
संवाद सूत्र , हिरणपुर (पाकुड़): शुक्रवार की रात लखनपुर गांव में आपसी रंजिश में मनिरुल अंसारी ने 32 वर्षीय जियाउल अंसारी को पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके बाद वह भाग गया। खबर मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार तिवारी, एसआइ विवेक दुबे, पुनीत कुमार गौतम, एएसआइ सनातन मांझी, राम कुमार मेहता, रविन्द्र कुमार सहित पुलिसबल घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने जियाउल को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने जियाउल के स्वजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर कई जगहों पर छापेमारी की।
बाद में जियाउल को बहरमपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां से उसे कोलकाता में भेज दिया गया है।
जियाउल के पिता जहरूद्दीन अंसारी ने बताया कि उसके पुत्र घर के आंगन में खटिया पर सोया हुआ था। रात नौ बजे गांव का ही मनिरुल अंसारी आया। दोनों में किसी बात को लेकर काफी बहस होने लगी। इसी बीच मनिरुल अंसारी ने चाकू जियाउल के पेट में घोंप दिया। इससे वह घायल हो गया। चाकू मारने के बाद आरोपित भाग रहा था, जिसका काफी दूर तक पीछा किया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घायल व आरोपित दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। दोनों ने मिलकर गांव व आसपास कई जगहों में खस्सी व बैल चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है। अंदेशा है कि यह घटना भी चोरी की किसी मामले को लेकर हुई हो। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि घायल व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है ।