उफान में नदियां, कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
बारिश के कारण पहाड़ी नदियों में आई उफान के कारण सदर प्रखंड के कई गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है। सड़कों पर पानी बह रहा है।
पाकुड़ : जिले में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के कारण पहाड़ी नदियों में आई उफान के कारण सदर प्रखंड के कई गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है। सड़कों पर पानी बह रहा है।
सदर प्रखंड के कुमारपुर-फाटक से बेलडांगा जाने वाली सड़क पर तीन फीट ऊपर पानी चढ़ गया है। इस सड़क पर नाव चलने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कुछ ग्रामीण नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं। जिला व प्रखंड मुख्यालय से कई गांवों का संपर्क कट गया है। इसी सड़क से होकर जिला मुख्यालय तक दर्जनों गांव के लोग आते-जाते हैं जो अब पूरी तरह से बंद हो गया है। इसी रास्ते में बेलडांगा, गुलदाहा, पोड़ाबगान, जमशेरपुर, मदनमोहनपुर, गगनपहाड़ी, मानिकापाड़ा होते हुए लोग पश्चिम बंगाल जाते हैं। संग्रामपुर से तारानगर, ईलामी जाने वाली सड़क पर तीन से चार फीट पानी बह रहा है। कुछ लोगों ने शनिवार की सुबह बाइक लेकर पानी में आना-जाना किया। लेकिन सुबह 11 बजे के बाद से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क के उपर से काफी तेज धार में पानी बह रहा है। जिसके कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
बरसात से शहर की सड़कों पर जलजमाव : बारिश के कारण शहर के मुख्यमार्ग पाकुड़-हिरणपुर तथा पाकुड़-धुलियान पथ सहित शहर के कई मोहल्लों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां कई दिनों तक पानी जमा रहता है। शहर के हाटपाड़ा में मुख्य सड़क झील सा दिख रहा है। यहां सड़क के किनारे नाली कई वर्षो से जाम पड़ी है। लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।